नवगछिया: मटन के नाम पर धोखाधड़ी का खुलासा, आरोपी हिरासत में
नवगछिया में मटन के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए मोहम्मद उमर तेतरी (निवासी तेतरी) को हिरासत में लिया। आरोप है कि खस्सी के नाम पर बोटू का मांस बेचा जा रहा था। छापेमारी के दौरान छिपाकर रखे गए पांच बोटू बरामद किए गए।
मामले की जांच कर रही पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई स्थानीय लोगों की सूचना पर की गई। थाना प्रभारी रवि शंकर सिंह ने बताया कि दुकान को कब्जे में लेकर दुकानदार से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है।
इस घटना के बाद नवगछिया के मीट कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई दुकानदार लंबे समय से खस्सी के नाम पर पाठी और बकरी का मांस बेचकर ग्राहकों को ठग रहे थे। कुछ दुकानदारों पर होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट तक संदिग्ध मांस की सप्लाई करने का भी आरोप है।

आम लोगों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ऐसी शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन नियमित जांच और सख्त कार्रवाई के अभाव में यह धंधा लगातार चलता रहा।
अब इस खुलासे के बाद प्रशासन पर पूरे मीट बाजार और सप्लाई चेन की व्यापक जांच का दबाव बढ़ गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गोरखधंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर फैला हुआ है।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि मटन खरीदते समय सतर्क रहें और केवल विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदारी करें। किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना तुरंत प्रशासन को देने को कहा गया है।

