नवगछिया : दिनदहाड़े लूटकांड.. गल्ला व्यवसायी पर हमला कर 3.50 लाख रुपये लूटे
बिहपुर थाना क्षेत्र में एक गल्ला व्यवसायी के साथ मारपीट कर नगदी लूट लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित की शिकायत पर बिहपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित उमेश कुमार साह, पिता लक्ष्मण साह, प्रखंड खरीक (जिला भागलपुर) के निवासी हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह गल्ला व्यवसायी हैं और गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे गेहूं लोड कराने के लिए अपनी निजी गाड़ी से ग्राम सोनवर्षा जा रहे थे।
रास्ते में गौरीपुर खादी भंडार के सामने एक ट्रक खड़ा था। आरोप है कि वहीं मौजूद गौरीपुर निवासी दिलखुश कुमार ट्रक चालक से जबरन 5,000 रुपये की मांग कर रहा था और पैसे नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दे रहा था। जब उमेश कुमार साह ने इसका विरोध करते हुए कहा कि ट्रक पर उनका गेहूं लोड होना है, तो आरोपी उनसे उलझ गया।

पीड़ित के अनुसार आरोपी ने उनका कॉलर पकड़कर गाड़ी से बाहर खींच लिया और उनके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान पत्थर से उनके सिर पर वार किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और सिर से खून बहने लगा। आरोप है कि इसी बीच आरोपी ने गाड़ी की डिक्की में रखे 3 लाख 50 हजार रुपये भी निकाल लिए।
घटना के बाद पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे और बिहपुर अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया। मामले में बिहपुर थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
