NAUGACHIA NEWS

THE SOUL OF CITY

भागलपुर पहुचे मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा

भागलपुर में शनिवार को बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने निर्माणाधीन पीरपैंती पावर प्लांट परियोजना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा कराने को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

Whatsapp group Join

दौरे की शुरुआत गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई, जिसके बाद मुख्य सचिव ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर कार्य की गति और गुणवत्ता का आकलन किया। बैठक के दौरान उन्होंने परियोजना प्रबंधन टीम को निर्माण कार्य में तेजी लाने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और जरूरी सरकारी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने बताया कि सड़क निर्माण विभाग के सचिव, साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान वर्तमान प्रगति, आगामी कार्ययोजना और संभावित चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

डीएम ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में बिजली की कमी को खत्म करने के लिए गंभीर है और अदाणी पावर द्वारा विकसित यह परियोजना समय पर पूरी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि अधिकांश समस्याओं का समाधान कर लिया गया है, जबकि शेष मुद्दों के निराकरण के लिए 10 दिनों का समय निर्धारित किया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से न सिर्फ बिहार को पर्याप्त बिजली मिलेगी, बल्कि भागलपुर क्षेत्र में रोजगार, औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परियोजना को हरसंभव सहयोग दिया जाए, ताकि जल्द से जल्द यहां से विद्युत उत्पादन शुरू किया जा सके।

चोर चोर चोर.. कॉपी कर रहा है