बिहार के कई हिस्सों में बारिश होने से उमस भरी गर्मी और तपिश से लोगों को राहत मिली है। बंगाल की खाड़ी के उत्तरी तट पर कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की वजह से मौसम में यह बदलाव आया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रविवार देर रात से ही नेपाल की तराई से सटे जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो रही है, जबकि गंगा के मैदानी भाग में भी इसका प्रभाव दिखा है। राज्य में सबसे अधिक बारिश, ढेंगराघाट, मुरलीगंज शेखपुरा में 50 मिमी, जबकि गढ़ी, जमुई, मधेपुरा और बहादुरगंज में 40 मिमी दर्ज की गई। पिछले 36 घंटे में गया में 46.6 मिमी, जबकि भागलपुर में 16 मिमी बारिश हुई है। पूर्णिया में भी 20 मिमी बारिश हुई। मौसम में बदलाव का असर पटना और वैशाली सहित कई जिलों में दिखा। बूंदाबांदी के बाद पारे में गिरावट दर्ज की गई। पटना जिले के ग्रामीण इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की सूचना है। जबकि शहर में छिटपुट बारिश हुई। अगले 24 घंटो में मौसम के इसी तरह बने रहने के आसार हैं।

तीन से चार डिग्री गिरा पारा
मौसम में बदलाव की वजह से लोगों को भारी उमस से राहत मिली है और सभी शहरों का पारा चार डिग्री तक नीचे आया है। पटना में अधिकतर पारा 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गया में 31.4, भागलपुर में 32.8 जबकि पूर्णिया में 31.3 डिग्री अधिकतम पारा रहा। मंगलवार को भी इन जगहों पर बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी कर कहा है कि बिजली कड़कने और मेघ गर्जन के समय घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित जगहों पर छिप जाएं। मंगलवार को नेपाल की तराई क्षेत्र और गंगा के मैदानी भागों में एक-दो जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
