बीएमपी सात परिसर में स्थित मैगजीन ड्यूटी में तैनात महिला सिपाही संतोषी कुमारी के हाथ में गोली लगने से वह जख्मी हो गई। गुरुवार की देर शाम हुई इस घटना के बाद उसे आनन-फानन में बीएमपी के जवानों ने कटिहार मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!डॉक्टर के अनुसार इलाजरत सिपाही के हाथ के अंगूठे और अंगुली के बीच के हिस्से तर्जनी में गोली लगी है। इससे उसका हाथ जख्मी हुआ है। वह खतरे से बाहर बतायी जा रही है। एसपी विकास कुमार ने कहा कि घटना स्थल पर एएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में एक टीम को केएमसीएच भेजा है। घटना की जानकारी मिलने पर बीएमपी सात के प्रभारी कमांडेंट सह एएसपी हरि मोहन शुक्ला, सर्किल इंस्पेक्टर, नगर थाना अध्यक्ष, सहायक थाना अध्यक्ष समेत बीएमपी के कई पुलिसकर्मियों ने कटिहार मेडिकल कॉलेज पहुंचकर जख्मी से घटना की जानकारी ली।
एएसपी श्री शुक्ला ने बताया कि जख्मी संतोषी कुमारी का कहना है कि वह मैगजीन ड्यूटी पर तैनात थी। कुछ सिपाही वहां आर्म्स ट्रांसफर करने के लिए पहुंचे थे। आर्म्स के चेक करने के दौरान आर्म्स कॉक हो गया और जैसे ही वह अपने हाथों के पास उसने आर्म्स को रखा कि फायर हो गया, इससे गोली उसके हाथ में लग गई। उन्होंने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी । दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा कि घटना पूरी तरह लापरवाही के कारण हुई प्रतीत होती है। महिला सिपाही को गोली ऐसी जगह पर नहीं लगी जिससे कि उसकी जान चली जाए, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जाता है कि महिला सिपाही रोहतास की रहने वाली है और उसकी सिपाही संख्या 630 है। कई महिला व बीएमपी के जवान जख्मी सिपाही को देखने केएमसीएच पहुंचे हैं।
