मारवाड़ी कॉलेज के बाहर पिस्टल खोंसने में दबा ट्रिगर, युवक के जांघ में लगी गोली

भागलपुर / पटना

मारवाड़ी कॉलेज के गेट के पास सड़क पर मंगलवार की दोपहर एक बजे खुद से पिस्टल से गोली चलने से मंदरोजा, काली स्थान निवासी राहुल गोस्वामी जख्मी हो गया। जख्मी हालत में उसे उसके दोस्तों ने तातारपुर के एक प्राइवेट क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेज दिया गया। गोली उसके जांघ में लगी है। राहुल ने ऊर्दू बाजार निवासी गौतम यादव को मारने के लिए पिस्टल निकाला था, लेकिन भीड़ जुट जाने से उसने पिस्टल को कमर में खोंस लिया, जिसमें ट्रिगर दब गया और वह जख्मी हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से 7.65 का एक खोखा बरामद किया है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

गोली चलने के बाद राहुल ने अपने दोस्त अमित को पिस्टल दे दिया, जिसे वह लेकर चला गया। पुलिस ने जब राहुल से पूछा कि गोली कैसे और किसने चलाई, तो उसने कुछ जवाब नहीं दिया। पुलिस अभिरक्षा में राहुल का इलाज चल रहा है। राहुल का गुरुद्वारा गली में रेडिमेड कपड़े की दुकान है। उसके पिता का नाम उत्तम गोस्वामी है। घटना की सूचना पर सिटी डीएसपी राजवंश सिंह, तातारपुर इंस्पेक्टर अमरनाथ प्रसाद, विवि थानेदार संतोष शर्मा मौके पर पहुंचे और मामले की तहकीकात की। इस मामले में गौतम यादव के बयान पर राहुल और उसके दोस्तों के खिलाफ विवि थाने एफआईआर दर्ज की गई है।

गोली चलने के बाद गौतम यादव और उसका साथी निरंजन पासवान (रिकाबगंज) विवि थाने पहुंच मामले की जानकारी दी। गौतम ने बताया कि राहुल गोस्वामी के साथ उसका दोस्त विक्रमशिला कॉलोनी का अमित उर्फ वेटनरवा, काजवलीचक का राेहित, तातारपुर का विक्की रजक, बरहपुरा का शाहरुख भी था। सभी ने मिलकर गौतम और उसके दोस्त को मारवाड़ी कॉलेज के गेट के पास घेर लिया और मारपीट करने लगे। गौतम को बघनखा से गाल और ललाट प्रहार किया गया, जिसमें वह जख्मी हो गया। इसके बाद राहुल ने कमर से पिस्टल निकाल कर कॉग कर लिया। इस दौरान वहां भीड़ जुट गई और किसी ने कह दिया कि पुलिस आ रही है। हड़बड़ी में राहुल ने कॉग पिस्टल ही खोंस लिया, जिसमें गोली चल गई।

विवि थाना पहुंचकर तातारपुर इंसपेक्टर को घटना की जानकारी देता गौतम यादव और निरंजन पासवान। गौतम के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

घायल राहुल गोस्वामी से घटना की जानकारी लेते हुए डीएसपी राजवंश सिंह।

पुलिस ने पकड़ी स्कूटी : राहुल गोस्वामी की स्कूटी में खून लग गया था। दोस्तों ने प्राइवेट अस्पतालं पहुंचा दिया। राहुल के फंसपने की शंका पर एक युवक स्कूटी लेकर जाने लगा, इस पर स्कूटी पकउ़ लिया।

तीन साल पहले काली पूजा विसर्जन में हुआ था विवाद

गौतम का कहना है कि तीन साल पहले काली पूजा विसर्जन में मंदरोजा और ऊर्दू बाजार के लड़कों में विवाद हुआ था। ऊर्दू बाजार का कोई लड़का मंदरोजा वालों को मिल जाता है, तो उसके साथ मारपीट की जाती है। मंगलवार को अपने साथी निरंजन पासवान के साथ बिजली ऑफिस से लौट रहे थे, तभी राहुल और उसके दोस्तों ने मिलकर मारपीट की और पिस्टल निकाल लिया था।

शंकर टॉकिज चौक पर भी हुई थी मारपीट

गौतम ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके दोस्त राहुल बिहारी के साथ शंकर टॉकिज चौक पर राहुल गोस्वामी और उसके दोस्तों ने मारपीट की थी। चाबी घुसाकर राहुल बिहारी को जख्मी कर दिया था। इसके बाद राहुल बिहारी ने भी विक्रमशिला कॉलोनी में राहुल गोस्वामी और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की थी। राहुल बिहारी मेरा दोस्त है, इससे राहुल गोस्वामी को लगा कि विक्रमशिला कॉलोनी वाले मारपीट में मैं भी शामिल था। इससे मुझे पीटा और गोली मारने की कोशिश की गई। मैं दिल्ली में काम करता हूं।

गोली कैसे लगी, जांच की जा रही है