नवगछिया : HM का 25 प्रतिशत वेतन काट लें, आपके शिक्षक ने वाट्सएप का यूज क्‍यों किया? – आयुक्त

NEWS

नवगछिया : प्रमंडलीय आयुक्त दयानिधान पांडेय ने नवगछिया प्रखंड के इंटर स्तरीय साहू उच्च विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय साहू परबत्ता और मध्य विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रीय उप निदेशक शिक्षा सत्येंद्र झा, जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान चार शिक्षक विद्यालय में मौजूद नहीं थे जिनमें तीन शिक्षक ने अवकाश का आवेदन प्रधानाध्यापक के वाट्सएप पर भेजा था, जबकि एक शिक्षिका विशेषावकाश पर थीं। इस पर प्रमंडलीय आयुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि तीनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर प्रतिवेदन दें।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रमंडलीय आयुक्त ने पूछा कि ऐसा क्या हो गया कि बिना अवकाश स्वीकृत कराए तीनों शिक्षक विद्यालय नहीं आए। उन्हें विद्यालय के दो शौचालय की स्थिति भी अत्यंत दयनीय दिखी। इसको लेकर प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। प्रयोगशाला की स्थिति भी दयनीय दिखी। प्रयोगशाला में प्रयोग सामग्री पर गंदगी जमी थी। प्रमंडलीय आयुक्त ने इस पर नाराजगी जताई। उन्होंने अविलंब साफ सफाई कराने के निर्देश दिए।

प्रमंडलीय आयुक्त ने विद्यालय का रोकड़ पंजी दिखाने को कहा, तो बताया गया कि रोकड़ पंजी विद्यालय में नहीं है। इस पर प्रमंडलीय आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। जुलाई के बाद विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक भी नहीं किए जाने की बात सामने आई। इस पर प्रमंडलीय आयुक्त ने नियमित बैठक कराने के निर्देश दिए। विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति काफी कम दिखी। माध्यमिक स्तर पर 882 में मात्र 229 छात्र ही उपस्थित मिले।

वहीं, उच्च माध्यमिक स्तर पर कला और विज्ञान संकाय में 254 में मात्र 16 बच्चे ही उपस्थित मिले। प्रमंडलीय आयुक्त ने कम उपस्थिति को लेकर जब सवाल किया, तो बताया गया कि मैट्रिक और इंटर के छात्र सेंटअप हो गए हैं। इस कारण छात्रों की संख्या कम है। विद्यालय में जीव विज्ञान के शिक्षक नहीं होने की बात सामने आने पर प्रमंडलीय आयुक्त ने क्षेत्रीय उप निदेशक शिक्षा को अविलंब जीव विज्ञान के एक शिक्षक की प्रतिनियुक्ति करने के निर्देश दिए। विद्यालय में स्मार्ट क्लास का संचालन भी संतोषजनक नहीं पाया गया। प्रमंडलीय आयुक्त ने स्मार्ट क्लास का संचालन बेहतर तरीके से करने के निर्देश दिए। प्रमंडलीय आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान मिली कमियों पर तीन दिनों के अंदर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

प्रधानाध्यापक का 25 प्रतिशत वेतन काटने के आदेश

प्रमंडलीय आयुक्त ने मध्य विद्यालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता काफी निम्न स्तर की पाई गई। किचन में गंदगी बिखरी थी, तो भंडार कक्ष में रखे खाद्य सामग्री भी काफी निम्न क्वालिटी की दिखी। इस पर प्रमंडलीय आयुक्त ने प्रधानाध्यापक के वेतन से 25 प्रतिशत राशि की कटौती करने के आदेश दिए। विद्यालय में बेंच डेस्क की कमी की बात सामने आने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी को पर्याप्त संख्या में बेंच डेस्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हालांकि, विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से आयुक्त संतुष्ट नजर आए। प्रमंडलीय आयुक्त ने अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत आदि के कक्षा में गए, छात्रों से सवाल भी पूछे। छात्रों ने आयुक्त के सभी सवालों के जवाब दिए।