भागलपुर : शातिर बदमाश गौरव गोस्वामी उर्फ बाबा गिरफ्तार, बाबा का खोला गया था डोसियर

भागलपुर / पटना

सिकंदरपुर के उड़ान एक्सप्रेस कुरियर कंपनी के ऑफिस से 21 फरवरी की रात हुए 5.75 लाख की लूट मामले में मोजाहिदपुर पुलिस ने शातिर बदमाश गौरव गोस्वामी उर्फ बाबा को गिरफ्तार किया है। वह बबरगंज थाने के अलीगंज गंगटी मोहल्ले का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के विरोध में परिजनों ने शनिवार शाम को मोजाहिदपुर थाने को घेर लिया और हंगामा करने लगे। 50-60 की संख्या में महिला-पुरुष थाना पहुंच गए और गौरव गोस्वामी को छोड़ने की मांग करने लगे। परिजन भी थाना के अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। उनका आरोप था कि पुलिस ने गौरव को झूठे केस में फंसाया है। हालात बिगड़ता देख थाने का गेट बंद कर दिया गया। हालांकि इंस्पेक्टर अमर विश्वास ने सूझबूझ से काम लिया। उनके समझाने पर परिजन माने और लौट गए। उधर, पुलिस का दावा है कि कुरियर कंपनी के ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे में लूटपाट कर भागने के दौरान बाबा और उसके एक साथी का हुलिया कैद हुआ है। जिसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। घटना के चश्मदीद कूरियर कंपनी के कर्मी ने भी बाबा को पहचान लिया। फुटेज में कैद बाबा का दूसरा साथी घर छोड़ कर फरार है। वह आदमपुर इलाके का रहने वाला बताया जाता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हालांकि गिरफ्तार बाबा के पास से कुछ बरामद नहीं हुआ।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

चश्मदीद कुरियर स्टाफ ने भी लूट में शामिल बाबा को पहचाना
बदमाश गौरव गाेस्वामी उर्फ बाबा की गिरफ्तारी के विरोध में उसके घर की महिलाएं व अन्य परिजन मोजाहिदपुर थाना का घेराव करने पहुंच गए।
स्पीडी ट्रायल के तहत लूट मामले की होगी सुनवाई

प्रेसवार्ता में एसएसपी आशीष भारती ने बाबा की गिरफ्तारी की पुष्टि दी। उन्होंने बताया कि बाबा पर मोजाहिदपुर, तिलकामांझी, कहलगांव में कुल आठ केस दर्ज है, जिसमें ज्यादातर लूटपाट का है। हाल ही में बाबा जेल से निकला है। पूर्व में पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई थी तो उसने कोर्ट में सरेंडर किया था। कोर्ट में उसकी पहचान परेड कराई जाएगी। साथ ही केस का स्पीडी ट्रायल भी चलेगा, ताकि जल्द से जल्द आरोपी को सजा मिल सके। एसएसपी ने बताया कि वारदात के बाद सिटी डीएसपी राजवंश सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया था, जिसमें मोजाहिदपुर थानेदार अमर विश्वास व अन्य पुलिसवाले शामिल थे। टीम ने बाबा को बबरगंज इलाके से गिरफ्तार किया।

सीसीए व बेल कैंसिलेशन का भेजा जाएगा प्रस्ताव

एसएसपी ने बताया कि बाबा आदतन अपराधी है। वह जमानत पर छूट कर क्राइम करता है। इस कारण संबंधित न्यायालय से उसके बेल कैंसिलेशन का प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि पूर्व के केसों में उसका जमानत रद्द हो सके। साथ ही सीसीए के तहत कार्रवाई के लिए भी डीएम को प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि चुनाव तक वह जेल में रह सके।

इन मामलों में आया है बाबा का नाम

07 अगस्त 2017 को तिलकामांझी के विक्रमशिला कॉलोनी में सेल्स टैक्स अधिकारी रीता सिंह के घर डाका कांड।

30 दिसंबर 2017 को अलीगंज निवासी युवक मनीष का अपहरण मामला।

08 मई 2016 को बागबाड़ी रोड में बजरंगवली मंदिर के बाहर बम विस्फोट कांड।

07 नवंबर 2016 को अलीगंज में ट्रैक्टर शोरूम के मालिक मधुसूदन कुमार पर बम से हमला कांड।

10 जनवरी 2018 को अलीगंज स्थित कैरियर प्वाइंट में बमबाजी मामला।

बाबा का खोला गया था डोसियर

जिले भर में ए और बी श्रेणी के 19 दागियों पर संबंधित थाने में डोसियर खोला गया था। डोसियर में दागियों की पूरी कुंडली रहती है। दागियों की फोटो, नाम, पता और उनके द्वारा किये गए वारदातों का विवरण रहता है। यह थाने का रिकॉर्ड होता है, जिसे देख कर कोई भी अफसर उस अपराधी की पूरी कुंडली से अवगत हो जाता है। जेल से बाहर रहने पर ड्रोसियरिस्ट को थाने में जाकर हाजिरी भी लगानी पड़ती है। बबरगंज थाने में गौरव गोस्वामी उर्फ बाबा, कुंदन कुमार साह, टुनटुन यादव, कुंदन यादव का नाम शामिल है।