भागलपुर : लापता छात्रा का पुलिस पता नहीं कर सकी, छात्राओं ने कार्यालय घेरा, सड़क जाम किया

भागलपुर / पटना

भागलपुर, जोगसर थाना क्षेत्र स्थित एसएम कॉलेज रोड में विक्रमशिला लॉज में रहकर पढ़ाई करने वाली छात्रा के लापता होने के तीन दिन बाद भी पुलिस उसे नहीं खोज सकी तो छात्राओं का आक्रोश फूटा और सोमवार को छात्र-छात्राएं एसएसपी कार्यालय का घेराव करने पहुंच गई। उन्होंने एसएसपी कार्यालय के बाहर लगभग 40 मिनट तक सड़क को जाम रखा और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एसएसपी के कार्यालय में नहीं होने पर छात्राओं के प्रतिनिधि ने एसपी सिटी स्वर्ण प्रभात से मुलाकात की और कार्रवाई कर जल्दी छात्रा को खोज निकालने का आश्वासन मिलने के बाद भीड़ हटी और सड़क से जाम भी खत्म हुआ। छात्रा मूल रूप से अमडंडा थाना क्षेत्र के अदलपुर की रहने वाली है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

लड़की के भाई ने पीटा था, उस लड़के ने देख लेने की धमकी दी थी:

छात्रा के लापता होने के बाद पुलिस की कार्रवाई नहीं होने से नाखुश छात्र-छात्राओं ने पुलिस पदाधिकारियों को बताया कि छात्रा के लापता होने से दो दिन पहले आरोपी लड़के राहुल कुमार का छात्रा के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद छात्रा के भाई ने उसकी पिटाई कर दी थी और उस आरोपी लड़के ने देख लेने की धमकी भी दी थी। यही वजह है कि सभी को इस बात की आशंका है कि वही लड़का उस छात्रा का अपहरण कर भागा है।

गांव का ही रहने वाला है आरोपी लड़का

छात्रा के लापता होने को लेकर उसके भाई जितेंद्र कुमार ने जोगसर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उसका कहना था कि उसकी बहन लगभग डेढ़ साल से उसी लॉज में रहकर पढ़ाई कर रही है। उसके गांव अदलपुर का ही बगलगीर राहुल कुमार आमदपुर में लॉज में रहता है। उसने बताया है कि तीन जून को दोपहर में पता चला कि उसकी बहन हॉस्टल में नहीं है। वह अपना मोबाइल भी बेड पर ही छोड़कर चली गई है। खोजबीन करने पर पता चला कि राहुल ने ही उसकी बहन का शादी की नीयत से अपहरण कर लिया है। उसने पुलिस को आरोपी का मोबाइल नंबर भी दिया है।

वर्जन

केस दर्ज कर लिया गया था और छात्रा को खोजने का प्रयास भी जारी है। जल्दी ही लड़ृकी को बरामद कर लिया जाएगा और आरोपी पकड़ा जाएगा। पहली नजर में यह अपहरण का मामला नहीं लग रहा है, ऐसा लग रहा है कि दोनों साथ ही गए हैं।

– स्वर्ण प्रभात, एसपी सिटी