भागलपुर। विश्वविद्यालय इलाके में फिर से मोबाइल झपटमार सक्रिय हो गए हैं। शनिवार की दोपहर को टीएनबी कालेज में पार्ट वन की छात्रा रिया कुमारी को बदमाशों ने निशाना बनाया। इस बार उन लोगों ने बात करते हुए सीधा मोबाइल नहीं छीना। काली पल्सर सवार बदमाशों ने छात्रा से एक जरूरी फोन करने की बात कह मोबाइल मांगा। छात्रा पहले तैयार नहीं हुई, लेकिन बार-बार आरजू मिन्नत करने पर उसने सोचा मजबूरी होगी। इस कारण मोबाइल दे दिया। जब तक छात्रा कुछ समझ पाती, बाइक सवार बदमाश रफूचक्कर हो गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!यह देखते छात्रा कुछ समझ नहीं पाई। उसने मदद के लिए चिल्लाया। आसपास काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई, पर मदद किसी ने नहीं की। कई बाइक सवार भी रूके थे, किंतु उन्होंने छात्रा द्वारा बताई दिशा में आगे बढऩे की जहमत नहीं उठाई। सभी छात्रा से सवाल ही करते रहे। मामले की जाकारी स्थानीय लोगों ने विश्वविद्यालय पुलिस को दी। जांच के लिए पुलिस पहुंची। छात्रा शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंची, उसने पुलिस को सारी कहानी बताई। चौकी इंचार्ज रीता कुमारी ने बताया कि छात्रा ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
विवि इलाके में फर्राटा भरती हैं बाइक
विवि और कालेजों में कक्षाएं शुरू हो गई हैं। इस कारण छात्रों की आवाजाही बढ़ गई है। ऐसे में अब झपटमार भी उन रास्तों में सक्रिय हो गए हैं। पूर्व में दर्जनों मोबाइल छिनतई की घटनाएं विवि रोड में हुई है। कुछ वर्ष पूर्व मारवाड़ी कालेज के पास शिक्षिका ने सोने की चेन छिनतई करते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया था। तब बदमाश की जमकर धुनाई हुई थी। उसे कोर्ट से सजा भी मिली थी।

जिस तरह छात्रा के साथ मोबाइल छिनतई की घटना को अंजाम दिया गया है। उसी तरह मिरजानहाट इलाके में भी बदमाशों ने अंजाम दिया था। जिसमें पुलिस ने चार बदमाशों को दबोचा था। उन लोगों ने भी हबीबपुर निवासी एक व्यक्ति से बात करने के लिए मोबाइल मांगा और उसे लेकर भाग गए थे। जब उसका पीछा किया गया तो उन लोगों ने मिर्ची पाउडर फेंक दिया।
