जमालपुर में एनआई वर्क के चलते गुरुवार से भागलपुर से किऊल के बीच ट्रेनों का परिचालन ठप हो जाएगा। इस दौरान भागलपुर से किऊल की तरफ जाने वाली करीब डेढ़ दर्जन ट्रेनों को रद्द किया गया है। कई ट्रेनों के रूट में परिवर्तन किया गया है। परिवर्तित रूट में ट्रेनों के ठहराव को लेकर कोई निर्णय रेलवे की तरफ से अभी नहीं आया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!ट्रेनों का परिचालन 20 से 29 सितम्बर तक बाधित रहेगा। फरक्का एक्सप्रेस 12 से 24 सितम्बर तक रद्द रहेगी। इसके बाद वाया कटिहार होकर जाएगी। भागलपुर से जमालपुर के बीच कोई ट्रेन नहीं चलेगी। साहिबगंज-किऊल पैसेंजर और बर्धमान पैसेंजर ट्रेन बरियारपुर तक जाएगी। बर्धमान पैसेंजर बरियारपुर से शाम में भागलपुर लौट जाएगी। दूसरे दिन सुबह यह ट्रेन भागलपुर से बरियारपुर तक जाएगी। फिर बरियारपुर से निर्धारित समय से साहिबगंज के लिए रवाना होगी।

मालदा-जमालपुर इंटरसिटी सुल्तानगंज तक जाएगी और वहीं से लौट जाएगी। भागलपुर-नई दिल्ली साप्ताहिक एक्सप्रेस मुंगेर-बरौनी होकर जाएगी। इस ट्रेन का ठहराव मुंगेर तक सभी स्टेशनों पर होगा। भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस 20 से 23 सितम्बर तक रद्द रहेगी। 24 सितम्बर से मुंगेर-बरौनी होकर जाएगी। इस ट्रेन का ठहराव भी मुंगेर तक सभी स्टेशनों पर होगा। इसके अलावा भागलपुर से पश्चिम की तरफ जाने के लिए किसी ट्रेन की सुविधा नहीं मिलेगी।
अंग एक्सप्रेस भागलपुर से सीधे कहलगांव होते हुए हावड़ा जाएगी। उसी रास्ते से वापस भी होगी। विक्रमशिला एक्सप्रेस और लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस साहिबगंज, रामपुर हाट, आसनसोल व धनबाद होते हुए मुगलसराय होकर जाएगी। सूरत और अजमेरशरीफ एक्सप्रेस को बांका-जसीडीह होकर चलाया जाएगा।
स्टेशन अधीक्षक ओंकार प्रसाद ने बताया कि परिवर्तित रूट में ट्रेनों का ठहराव नहीं है। कमर्शियल ठहराव किसी स्टेशन पर हो सकता है। नवगछिया के स्टेशन अधीक्षक नंद किशोर तिवारी ने कहा कि मुख्यालय से भागलपुर रूट के ट्रेनों का ठहराव नवगछिया स्टेशन पर करने का आग्रह किया गया है। उम्मीद है जल्द ही निर्देश प्राप्त हो जाएगा।

पटना जाने के लिए नवगछिया स्टेशन पर ट्रेन पकड़े़ं
गुरुवार से भागलपुर से पटना जाने के लिए कोई ट्रेन नहीं है। पटना जाने के लिए धरहरा या दशरथपुर स्टेशन जाना होगा। दशरथपुर से राजेन्द्रनगर-बांका इंटरसिटी और धरहरा से दानापुर-साहिबगंज इंटरसिटी का परिचालन होगा। नवगछिया स्टेशन से पटना जाने के लिए ट्रेन पकड़ सकते हैं। इसके अलावा सड़क मार्ग से पटना जा सकते हैं।
जानकारी लेने के लिए पूछताछ कार्यालय में भीड़ लगी रही
ट्रेनों के रद्द और रूट परिवर्तन से यात्रियों की परेशानी बढ़ गयी है। सबसे अधिक परेशानी भागलपुर से किऊल, पटना, आरा, बक्सर आदि जगहों पर जाने वाले यात्रियों को हो रही है। बुधवार को दिनभर पूछताछ कार्यालय में लोग ट्रेनों की जानकारी लेते रहे। पूछताछ कार्यालय में ट्रेनों के परिचालन को लेकर सूचना चिपकाया गया है।

कहां से कहां तक चलेंगी ट्रेनें
साहिबगंज -दानापुर इंटरसिटी धरहरा तक चलेगी
बांका राजेन्द्र नगर इंटरसिटी दशरथपुर तक चलेगी
भागलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस गोरखपुर तक चलेगी
जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस भागलपुर से खुलेगी
साहिबगंज-किऊल पैसेंजर बरियारपुर तक जाएगी
वर्धमान पैसेंजर बरियारपुर तक चलेगी
मालदा-जमालपुर इंटरसिटी सुल्तानगंज तक चलेगी
भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस 24 से मुंगेर होते हुए जाएगी
भागलपुर-नई दिल्ली साप्ताहिक एक्सप्रेस मुंगेर होकर जाएगी
विक्रमशिला एक्सप्रेस साहिबगंज,आसनसोल, धनबाद, मुगलसराय होकर
वाराणसी-सियालदह एक्सप्रेस किऊल-जसीडीह होकर जाएगी
ब्रह्मपुत्र मेल कटिहार-बरौनी, मोकामा होकर चलेगी
भागलपुर-सूरत एक्सप्रेस बांका-जसीडीह होकर चलेगी
भागलपुर-अजमेरशरीफ बांका-जसीडीह होकर जाएगी
गया-कामाख्या एक्सप्रेस रामपुरहाट, सैथिया, जसीडीह होकर जाएगी
24 के बाद फरक्का कटिहार, नवगछिया, बरौनी व मोकामा होकर जाएगी
इन ट्रेनों को किया गया है रद्द
आनंद विहार- भागलपुर गरीब रथ
हावड़ा गया-एक्सप्रेस
मालदा-पटना इंटरसिटी
भागलपुर-दानापुर इंटरसिटी
रामपुरहाट- गया पैसेंजर
भागलपुर-जमालपुर पैसेंजर
हावड़ा-जयनगर पैसेंजर
जमालपुर-सहरसा पैसेंजर
जमालपुर-खगड़िया डेमू
जमालपुर-तिलरथ डेमू
जमालपुर-किऊल डेमू
जमालपुर-किऊल पैसेंजर
जमालपुर-गया पैसेंजर
भागलपुर-मुजफ्फरपुर 20 से 23 सितम्बर तक रद्द रहेगी
