भागलपुर में कोतवाली थाना क्षेत्र के मारवाड़ी टोला में मंगलवार की देर शाम हथियार से लैश बदमाशों ने व्यवसायी कैलाश संथालिया के घर डाका डालकर करीब दो लाख रुपए के जेवरात एवं 20 हजार रुपए नकद लूट लिए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!व्यवसायी के जुड़वा पोतियों को हथियार के बल पर कब्जे में ले लिया गया था। हनुमान जी का प्रसाद देने के बहाने बदमाशों ने घर का दरवाजा खुलवाया था। कमर में रखे पिस्टल से गोली चल जाने के बाद बदमाश भाग गए।
शाम करीब छह बजे व्यवसायी कैलाश संथालिया अपने बहनोई राम गोपाल डोकानिया के साथ श्याम मंदिर गए थे। दाई ने दरवाजा बंद कर दिया था। दस मिनट बाद बदमाशों ने व्यवसायी के बेटे रोहित उर्फ सोनू का नाम पुकारकर दरवाजा खटखटाने लगे।
दाई मधु राय ने दरवाजा खोला तो बदमाशों ने कहा कि सोनू जी को प्रसाद देना है। दाई ने कहा कि सोनू जी सोये हैं। हाथ में प्रसाद देते ही तीन बदमाश हथियार सटाकर दाई को कब्जे में लेकर ऊपरी मंजिल पर चले गए। डाइनिंग रूम में खेल रही सोनू की जुड़वा बेटियों अवनि व अश्मि को कब्जे में ले लिया। इसबीच सोनू भी उठ गए।

सोनू और उसकी पत्नी शिवानी संथालिया को दो बदमाश हथियार सटाकर कमरे में ले गए। कमरे में पत्नी के गले से सोने की चेन, हीरा का लॉकेट, कान की बाली और अंगूठी खुलवा लिया। आलमीरे में रखे सोने की चूड़ी, सोनू के गले का चेन और अंगूठी अन्य जेवरात लूट लिए। दीवान से बक्सा निकालने लिए झुकते ही बदमाश के कमर में रखी पिस्टल से गोली चल गई। उसके बाद हड़बड़ाकर तीनों बदमाश नीचे उतर गए। दो बदमाश घर के बाहर गली में खड़े थे।
सूचना मिलने पर प्रशिक्षु एएसपी विनित कुमार, सिटी डीएसपी राजवंश सिंह, कोतवाली इंस्पेक्टर केदानाथ सिंह और तातारपुर इंस्पेक्टर अमरनाथ प्रसाद मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटना की जांच की। घर में लगे सीसीटी टीवी फुटेज को खंगाला। सिटी डीएसपी ने कहा कि बदमाशों की पहचान कर ली गई है। पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।
