बीएनएमयू में छात्रों ने जमकर किया हंगामा, प्रोवीसी के साथ की हाथापाई, सिर में गंभीर चोट

भागलपुर / पटना

भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (बीएनएमयू) में चतुर्थ वर्गीय पदों पर चल रही संविदा पर बहाली के लिए सूचीकरण प्रक्रिया के विरोध में छात्रों ने बुधवार को भारी उपद्रव किया। साक्षात्कार के दौरान बुधवार को ऑडिटोरियम में पहुंच कर छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

ऑडिटोरियम से बाहर निकलने के बाद छात्रों ने प्रोवीसी डॉ. फारूक अली के साथ हाथापाई की। रजिस्ट्रार कर्नल नीरज को खरोंच आयी। बीच-बचाव कर रहे एक अभ्यर्थी राजीव कुमार को सिर में गंभीर चोट लगी। घटना से आक्रोशित अधिकारियों और कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय में कामकाज ठप कर दिया। विश्वविद्यालय में किये गये हंगामे और उपद्रव को लेकर प्रोक्टर अरुण कुमार ने सदर थाने में छह नामजद और 19 अज्ञात छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

बता दें कि बीएनएमयू में कंप्यूटर ऑपरेटर, जूनियर इंजीनियर, ड्राइवर, माली और कुक के पद पर संविदा पर बहाली की जानी है। इसके सूचीकरण को लेकर पिछले मंगलवार से साक्षात्कार लिया जा रहा है। बुधवार को साक्षात्कार के दौरान करीब 12 बजे काफी संख्या में छात्र ऑडिटोरियम में घुस गये और बहाली प्रक्रिया को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।

रजिस्ट्रार कर्नल नीरज कुमार ने सख्ती दिखाते हुए छात्रों को ऑडिटोरियम से बाहर निकाला। इसके बाद छात्र प्रोवीसी से उलझ गये। इस दौरान छात्रों ने प्रोवीसी के साथ हाथापायी भी की। विश्वविद्यालय के कर्मचारियों और अभ्यर्थियों ने काफी मशक्कत के बाद प्रोवीसी को छात्रों के बीच से निकाला। डीएसपी वसी अहमद ने कैंपस पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर कैंपस में पुलिसकर्मी तैनात कर दिये गये हैं।

रजिस्ट्रार कर्नल नीरज कुमार ने बताया कि छात्रों को विश्वविद्यालय परिसर में उपद्रव करने की छूट नहीं दी जायेगी। उपद्रव करने वाले छात्रों पर केस दर्ज कराया गया है।