फरवरी से नवगछिया -कहलगांव के बीच शुरू होगी मालवाहक जहाज की सेवा, एक खेप में 20 भारी वाहन

NEWS

एनएच से भारी वाहनों का दबाव कम करने के लिए कहलगांव से नवगछिया के बीच गंगा में मालवाहक जहाज की सेवा अगले माह से शुरू हो सकती है। इसको लेकर एक बार फिर से तैयारी तेज हो गई है। सोमवार को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के उपनिदेशक प्रशांत कुमार ने डीएम प्रणव कुमार से मुलाकात की। इस दौरान आरओ-आरओ (रॉल आन-रॉल आउट) यानी प्लेटफार्म निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही कहलगांव से तीनटंगा के बीच मालवाहक जहाज चलाने के लिए प्रशासनिक अनुमति मांगी गई।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इस पर डीएम ने उन्हें प्रशासनिक स्वीकृति के साथ जमीन उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्राधिकरण के उपनिदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि जमीन उपलब्ध कराने के बाद एस्टीमेट तैयार होगा और प्लेटफार्म का निर्माण किया जाएगा। कहलगांव से तीनटंगा के बीच मालवाहक जहाज चलाने के लिए एक मालवाहक जहाज भी है। इस पर एक खेप में करीब 20 भारी वाहन जा सकते हैं। कहलगांव से तीनटंगा के बीच गंगा में छह किलोमीटर की दूरी है, जिसे तय करने में आधा घंटा समय लगने की बात कही गई। यह सेवा 24 घंटे रहेगी। यानी एक दिन में हर दो घंटे में दो खेप जहाज चल सकेंगे और औसतन हर रोज 450-500 ट्रक जा सकेंगे। अगर यह सेवा शुरू हो गई तो इससे कहलगांव से सबौर और नवगछिया से विक्रमशिला सेतु होकर आनेवाले वाहनों का दवाब कम होगा और जाम से भी थोड़ी राहत मिल सकती है।

एक खेप में करीब 20 भारी वाहन जा सकते हैं, 24 घंटे मिलेगी सुविधा

दोनों तरफ 6 एकड़ जमीन की जरूरत

बटेश्वर स्थान से नवगछिया के तीनटंगा के बीच गंगा में छह किलोमीटर की दूरी है। कहलगांव के बटेश्वर स्थान से झल्लू दास टोला, तीनटंगा तक गंगा में रास्ता होगा। दोनों तरफ प्लेटफार्म बनेगा। इसके लिए बटेश्वर में छह एकड़ सरकारी जमीन की आवश्यकता है। इनमें केवल तीनटंगा में चार एकड़ जमीन चाहिए। जबकि वहां केवल 15 डिसमिल सरकारी जमीन है। 2.5 एकड़ जमीन के लिए स्थानीय जमीन मालिक से जमीन लेनी होगी।

जहाज के लिए 7 माह से प्रशासन से मांगा जा रहा सहयोग

भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण की ओर से एनएच पर भार कम करने और ढुलाई मद में लागत कम करने के मद्देनजर राजमहल से भागलपुर के बीच (राजमहल-मानिकचक, साहिबगंज-मनिहारी और कहलगांव -तीनटंगा) टर्मिनल निर्माण और जहाजों का परिचालन शुरू करने के लिए जिला प्रशासन से करीब सात माह से बीते साल जुलाई से ही सहयोग मांगा जा रहा है। टर्मिनल निर्माण व जहाज परिचालन के रूट के सर्वे के लिए डीएम ने चार सदस्यीय टीम गठित की थी।

इसमें अध्यक्ष अपर समाहर्ता के अलावा सदस्य जिला परिवहन पदाधिकारी, कहलगांव एसडीओ और नवगछिया एसडीओ शामिल हैं। इनसे भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण, साहिबगंज से समन्वय स्थापित कर विशेष सर्वे कर एक निश्चित समय सीमा के अंदर सभी बिंदुओं का पालन कर एक विस्तृत रिपोर्ट जिला को उपलब्ध करने को कहा गया था। टीम को जिला को रिपोर्ट भी सौंपी। लेकिन अब तक प्राधिकरण को जमीन उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है।