खगड़िया के परबत्ता में मड़ैया ओपी क्षेत्र के अररिया गांव में बुधवार को ड्यूटी कर आ रहे होमगार्ड के जवान ब्रजकिशोर यादव (50)की लाठी डंडे से पीटकर हत्या कर दी गयी। इस घटना में ब्रज किशोर के बेटे बबलू यादव घायल हो गये। मृतक होमगार्ड जवान अररिया निवासी गोबर्द्धन यादव का बेटा था। घटना का कारण होमगार्ड जवान के बेटे का पड़ोसी से पैसे के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बुधवार की सुबह होमगार्ड जवान का बेटा बिजल यादव अपने पड़ोसी मंजय यादव के घर पूर्व में दिया गया तीन हजार रुपये वापस मांगने गया था। वहां दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। यह विवाद गाली गलौज में तब्दील हो गया। स्थानीय लोगों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ। सुबह साढ़े दस बजे जीएन बांध से ड्यूटी कर खाना खाने बेटे बबलू के साथ बाइक पर आ रहे होमगार्ड ब्रज किशोर की पड़ोसियों ने बाइक रुकवाकर लाठी-डंडे से पिटाई शुरू कर दी जिससे ब्रजकिशोर की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि बेटा बबलू यादव घायल हो गया।

इधर मड़ैया ओपी प्रभारी ने बताया कि इस घटना को लेकर होमगार्ड जवान के बेटे बबलू यादव के बयान पर मंजय यादव, राजाराम यादव, विलाश यादव सहित 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि दो माह पूर्व ही होमगार्ड जवान ब्रजकिशोर को विभाग की ओर से जीएन बांध की सुरक्षा के लिए लगाया गया था। इधर घटना के बाद सभी आरोपी फरार है।
