नवगछिया : NH31 पर सड़क हादसे में खरीक प्रखंड के युवक की मौत

सूचना/खबरे

नवगछिया : खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र अंतर्गत बख्तियारपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर सोमवार की सुबह सड़क हादसे में भागलपुर जिले के युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान खरीक प्रखंड अंतर्गत ढ़ोड़ीया दादपुर पंचायत के वार्ड नंबर 11 निवासी विपीन कुमार मंडल के पुत्र आकाश कुमार (22) के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। मृतक की पत्नी रीमा कुमारी, माता मीरा देवी, पिता विपिन मंडल समेत पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मृतक चार भाई और चार बहन, आठ भा‌ई बहनों में सातवें स्थान पर था। मृतक के पिता विपीन कुमार मंडल ने बताया कि आकाश शनिवार को घर आया था। सोमवार को ड्यूटी पर बेगूसराय जा रहा था। इसी दौरान सड़क हादसे का शिकार हो गया। मृतक की 15 माह पूर्व ही गोपालपुर के सैदपुर गांव में शादी हुई थी। मृतक की लगभग तीन माह की गर्भवती पत्नी रीमा कुमारी का रो-रो कर बुरा हाल है।

इस हृदय विदारक घटना ने मृतक के घर से लेकर ससुराल तक के लोगों को झकझोर कर रख दिया। मृतक की पत्नी बार-बार बेहोश हो रही थी। आसपास की महिलाएं पानी का छींटा मारकर उसे होश में ला रही थी। मृतक पिता विपीन मंडल ने बताया कि आकाश पहले किसी दूसरे फाइनेंस बैंक में काम करता था। आठ माह पहले ही आशीर्वाद फाइनेंस बैंक में ज्वाइन किया था।

मौजूद सभी लोग एक ही बात बोल रहे थे कि अभी तो ठीक से मेहंदी का रंग भी नहीं छूटा था और सुहाग ही उजर गया। इधर, बिहपुर भाजपा विधायक सह सचेतक ईं. कुमार शैलेन्द्र ने सोशल मीडिया के माध्यम से घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। मृतक आकाश कुमार का अंतिम संस्कार महादेवपुर घाट पर किया गया।