नवगछिया । भागलपुर के प्रमंडलीय आयुक्त दयानिधान पांडे शनिवार (10 जून) को गोपालपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का उद्घाटन करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार 16 लाख रुपये की लागत से इसका निर्माण करवाया गया है। जिसमें आठ लाख रुपये मशीनरी व आठ लाख रुपये रख-रखाव में खर्च किया गया है। शिल्प भवन को ही रंग रोगन कर प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई के रूप में परिणत किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जीविका के सीएलएफ के साथ इसके संचालन के लिये इकरारनामा किया गया है। जिसमें गोपालपुर प्रखंड से जीविका से जुड़ी चार महिलाओं को रोजगार मिलेगा। सैदपुर, गोपालपुर डिमाहा, अभिया पचगछिया व तीनटंगा करारी पंचायतों में अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई कार्यरत है। इनमें पंचायत स्तर से आये जैविक कचरा का निष्पादन किया जाता है। प्लास्टिक कचरे के निष्पादन के लिये प्रखंड स्तर पर व्यवस्था की गयी है।
यह गोसाईंगांव, मकंदपुर व बाबू टोला कमलाकुंड में 15 दिनों में शुरू होने की जानकारी मिली है तथा डुमरिया चपरघट व सुकटिया बाजार पंचायत में जमीन विवाद के कारण विलंब हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार आयुक्त इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध पर स्पर संख्या छह एन पर जल संसाधन विभाग द्वारा कराये गये कार्य व रंगरा चौक प्रखंड के ज्ञानीदास टोला में कराये जा रहे कटाव निरोधक कार्य का निरीक्षण करेंगे।

