नवगछिया : हरतालिका तीज आज, पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखेंगी सुहागिन

धर्म

नवगछिया । अखंड सौभाग्य का पर्व हरतालिका तीज शुक्रवार को है। पर्व को लेकर गुरुवार को गंगा घाट के साथ-साथ बाजारों में भी पूजा की खरीदारी को लेकर महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही। महिलाओं ने गंगा स्नान कर बिना लहसुन-प्याज के बना खाना खाया।  पंडित ने बताया कि अखंड सौभाग्य और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए हरतालिक तीज मनाई जाती है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को सुहागन महिलाएं और विवाह योग्य युवतियां हरतालिक तीज का व्रत रखती हैं। इस बार हरतालिका तीज के दिन रवि योग बन रहा है। इस योग में सूर्य का प्रभाव अधिक होता है, जिसके कारण सभी प्रकार के दोष मिट जाते हैं। इस व्रत में माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा करते हैं।

उन्होंने बताया कि भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि की शुरुआत पांच सितंबर को सुबह 10: 13 मिनट पर हो गई। वहीं, इस तिथि का समापन छह सितंबर को दोपहर 12: 17 मिनट पर होगा। ऐसे में हरतालिका तीज का व्रत छह सितंबर को मनाया जाएगा। इस दिन पूजा करने का शुभ मुहूर्त सुबह 6: 02 से सुबह 8: 33 मिनट तक है। उन्होंने बताया कि इस दिन चौथ चंदा भी मनाया जाएगा।