नवगछिया – बाबा बिशु राउत सेतु पथ पर श्रीपुर पेट्रोल पंप के पास हुए सड़क हादसे में नवगछिया पुलिस लाइन में प्रतिनियुक्त सिपाही कमलेश कुमार की मौत हो गयी है. जबकि एक अन्य सिपाही पूर्णियां जिला निवासी आशीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. आशीष का इलाज किसी अन्य अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद वह बदहवास था. मृतक सिपाही भोजपुर आरा के बारहरा थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर सिमरिया गांव का निवासी है. सूचना पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए थे. इधर गुरुवार को दोपहर तक नवगछिया पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है. सिपाही वर्ष 2018 से नवगछिया में सेवारत थे.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी मिली है कि बुधवार को देर रात सिपाही कमलेश कुमार और आशीष कुमार किसी काम से बाबा बिशु राउत सेतु पथ पर गए थे. श्रीपुर पेट्रोल पंप के साथ एक अज्ञात हाइवा के चपेट में आने से दोनों घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद दोनों को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया जहां कमलेश को मृत घोषित कर दिया गया. इधर भागलपुर सीएफएल टीम के द्वारा घटना स्थल और दुर्घटनाग्रस्त वाहन का फोरेंसिक जांच किया गया है. साथी सिपाही की मौत पर उसके सहकर्मी गहरे सदमे में हैं. दोपहर बाद नवगछिया पुलिस लाइन में मृत सिपाही को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. मौके पर मुख्यालय डीएसपी सुनील कुमार पांडे, मेजर इंस्पेक्टर कुणाल आनंद चक्रवर्ती, सार्जेंट अजीत कुमार, मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष नंदकुमार, कोषाध्यक्ष जेपी सिंह सहित कई पुलिस जवान व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.
चार वर्ष पहले सड़क हादसे में ही हो गयी थी कमलेश के पिता की मृत्यु
कमलेश के साथी सिपाहियों ने बताया कि कमलेश के पिता धूराराम यादव भी नवगछिया में ही जमादार थे. चार वर्ष पहले वर्ष 2018 में ड्यूटी के दौरान पसराहा से आने के क्रम में सड़क हादसे में मारे गए थे. अनुकंपा के आधार पर ही कमलेश की नौकरी हुई थी. कमलेश अपने दो भाइयों में दूसरे क्रम पर था. सूचना मिलते ही नवगछिया पहुंचे कमलेश के चाचा वीरेंद्र यादव ने पुलिस पदाधिकारियों से घटना से जानकारी ली. वे गहरे सदमे में हैं. उन्होंने बताया कि कमलेश बड़ा ही होनहार था. पूरे परिवार को उससे उम्मीदें थी. इधर कमलेश के सहकर्मी उसकी जिंदादिली और मिलनसार व्यक्तित्व की चर्चा कर रहे हैं. नवगछिया के स्थानीय लोगों ने भी कमलेश की असामयिक मृत्यु पर शोक प्रकट किया है.

