नवगछिया । नवगछिया पुलिस ने श्रीपुर रिंग बांध पर सीएसपी संचालक से हथियार का भय दिखाकर लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लूट का 45 हजार रुपया बरामद किया है। एसडीपीओ ओमप्रकाश ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि 11 जनवरी 2024 को शाम 5 बजे नवगछिया थाना के श्रीपुर बांध के पास एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने स्टेट बैंक से 3.50 लाख रुपया निकाल कर घर जा रहे सीएसपी संचालक को हथियार का भय दिखाकर लूट की घटना को अंजाम दिया था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस संबंध में नवगछिया थाना में मामला दर्ज किया गया था। कांड की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया एसपी पुरण झा ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी। जिसमें थाना अध्यक्ष नवगछिया रवि शंकर सिंह, खरीक थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार और ढोलबज्जा थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार को शामिल किया गया।
टीम ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान कर घटना में शामिल अप्राथमिक अभियुक्त राजेश कुमार ढोलबज्जा, पप्पू कुमार पंचगछिया टोला कदवा और दिलीप कुमार मोहनपुर पूर्णिया को लूटे गये 45 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया। इन तीनों बदमाशों के विरुद्ध लूट की योजना बनाने एवं रेकी करने की संलिप्तता पाई गई। पूर्व में इस कांड में लूट की रकम में से 1,58,000 बरामद कर खरीक थाना द्वारा एक बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। एक बदमाश अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।

एसडीपीओ ने बताया कि बचे हुए बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार बदमाश दिलीप कुमार ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अन्य साथियों के साथ मिलकर श्रीपुर रिंग बांध के समीप सीएसपी संचालक से 3.50 लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार किया है। गिरफ्तार बदमाशों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।
