नवगछिया : शॉर्ट सर्किट से अमरी गांव में भीषण आग, पांच घर जलकर राख, छह मवेशियों की मौत

सूचना/खबरे

नारायणपुर (भागलपुर)। नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत शाहजादपुर पंचायत के अमरी गांव में सोमवार की शाम शॉर्ट सर्किट से भीषण अगलगी की घटना हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पांच घर उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में करीब छह मवेशियों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरी गांव निवासी राधे मंडल के घर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया। तेज लपटों ने पास में स्थित प्रकाश मंडल, पंकज मंडल और बंटी मंडल समेत कुल पांच घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग में घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन व अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।

आग लगते ही ग्रामीणों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पास की बोरिंग से पानी निकालकर बाल्टी व पाइप के सहारे आग बुझाने में जुट गए। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

पीड़ित परिवारों ने बताया कि इस अगलगी में उन्हें करीब ढाई लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। कई परिवारों के सामने रहने और खाने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

घटना की सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।