नवगछिया : विक्रमशिला पुल पर ट्रक खराब, जिला जज भी फंसे जाम में

सूचना/खबरे

विक्रमशिला पुल पर बुधवार को बालू लदा ट्रक खराब होने से भीषण जाम लग गया। सुबह साढ़े 10 बजे भागलपुर की तरफ पाया संख्या 113 के पास बालू लदा ट्रक खराब हो गया। इसके बाद दोपहर ढाई बजे तक पुल पर जाम लगा रहा। ट्रक खराब होने के बाद भागलपुर से नवगछिया तक विक्रमशिला पुल और पहुंच पथ पर जाम लग गया।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इसी बीच नवगछिया से भागलपुर आ रहे जिला जज का वाहन भी जाह्नवी चौक के पास जाम में फंस गया। जिला जज के जाम में फंसने की सूचना वरीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मिली। इसके बाद भागलपुर की तरफ कुछ देर के लिए वाहनों को रोककर उनके वाहन को जाम से निकाला जा सका। टीओपी प्रभारी ने बताया कि काफी देर तक जिला जज का वाहन जाम में फंसा रहा।

चार घंटे लग गये ट्रक को हटाने में

बालू लदे खराब हुए ट्रक को पुल से हटाने में पुलिस को चार घंटे लग गये। सुबह साढ़े 10 बजे खराब हुए वाहन को दोपहर ढाई बजे वहां से हटाया जा सका। वाहन के खराब होने के बाद क्रेन मंगवाया गया। क्रेन मंगवाने में ही काफी समय लग गया। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद वाहन को हटाया जा सका। इससे पहले गिट्टी लदा वाहन खराब हुआ था, तब एक क्रेन से वाहन को नहीं हटाया जा सका था। दो क्रेन के सहारे उस वाहन को पुल से हटाया जा सका था। अभी तक पुलिस के पास अपना क्रेन तक नहीं है। निजी क्रेन मंगवाकर वाहन को हटाया जाता है। भाड़े पर क्रेन लाकर वाहनों को हटाया जाता है।

ट्रैफिक वन-वे किया तो लग गई वाहनों की लंबी कतार

पुल पर वाहन खराब होने के बाद ट्रैफिक को वन-वे कर दिया गया। ट्रैफिक वन-वे किया गया तो भागलपुर और नवगछिया की तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी। नवगछिया में जाह्नवी चौक और उससे आगे तक वाहनों की कतार लगी थी। भागलपुर में पुल और पहुंच पथ से लेकर बायपास और सबौर रोड में काफी संख्या में वाहन घंटों फंसे रहे। ट्रैफिक डीएसपी ओमप्रकाश अरुण ने कहा कि क्रेन के लिए प्रस्ताव भेजा गया है पर उसे मंजूरी नहीं मिल सकी थी। उन्होंने कहा कि मुख्यालय से हुई वीसी में भी उन्होंने क्रेन उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया था।