नवगछिया : विक्रमशिला पुल के पहुंच पथ पर संभलकर गाड़ी चलाएं, क्योंकि बारिश की वजह से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे वाहन पलट रहे हैं। यह समस्या नवगछिया जीरोमाइल चौक से जाह्नवी चौक तक है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!चार दिन बाद 22 जुलाई से सावन शुरू होने वाला है। विक्रमशिला पुल और पहुंच पथ होकर हजारों वाहन रोज सुल्तानगंज जाएंगे। अगर प्रशासन इस सड़क की मरम्मत नहीं कराएगा तो बड़ी घटना हो सकती है। यह पहुंच पथ उत्तर बिहार सहित बंगाल, आसाम, नेपाल को जोड़ता है। रात में सड़क पर बने गड्ढे वाहन चालकों को ठीक से दिखाई नहीं देता है।
गड्ढों से बचने के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं। पहुंच पथ पर गड्ढों में ईंट बेतरतीब तरीके से रखने से भी सड़क हादसे की संभावना बनी रहती है। इस्माइलपुर जिला परिषद सदस्य विपिन कुमार मंडल ने डीएम को आवेदन देकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की थी।

सड़क की मरम्मत होने के बाद लोगों को जर्जर और गड्ढेनुमा सड़क से मुक्ति मिलेगी। वहीं जाम की समस्या का भी काफी हद तक समाधान हो जाएगा। इस संबंध में एनएचएआई के एसडीओ अंकित कुमार ने बताया कि जल्द ही सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।
