नवगछिया। तीनटंगा करारी पंचायत की निवासी मीरा देवी ने जमीन विवाद को लेकर मारपीट, गाली-गलौज, घर में घुसकर हमला करने और आवागमन का रास्ता बंद करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में नवगछिया एसपी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र से संबंधित है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!दो वर्षों से चल रहा विवाद
मीरा देवी के अनुसार वह अल्पसंख्यक समुदाय से हैं और पिछले दो वर्षों से जमीन विवाद झेल रही हैं। उन्होंने बताया कि इस विवाद को सुलझाने के लिए ग्रामीणों, मुखिया, सरपंच और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन समाधान नहीं निकल सका।
महिलाओं के साथ मारपीट का आरोप
पीड़िता का कहना है कि विरोधी पक्ष के बहुसंख्यक और दबंग लोग पिछले कई महीनों से उनके परिवार की महिलाओं को अकेला पाकर मारपीट करते रहे हैं।
आरोप है कि कई बार आरोपितों ने घर में घुसकर महिलाओं को पीटा, भद्दी गालियां दीं और डराने के लिए उन्हें घर में बंद कर दिया।

रास्ता बंद करने की शिकायत
मीरा देवी ने कहा कि आरोपितों ने उनके आवागमन के रास्ते को बंद कर दिया है, जिससे दैनिक गतिविधियों में भारी परेशानी हो रही है।
थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार गोपालपुर थाना में आवेदन दिया, लेकिन थाना प्रभारी द्वारा कथित तौर पर विरोधी पक्ष से पैसे लेकर मामले को दबा दिया गया। इसीलिए उन्हें अब एसपी कार्यालय का रुख करना पड़ा है।
थाना प्रभारी का पक्ष
गोपालपुर थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्हें इस मामले में अब तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
