भागलपुर के बिहपुर प्रखंड के झंडापुर पश्चिम पंचायत के वार्ड दो निवासी सुरेंद्र कुंवर उर्फ सुनील कुंवर की पुत्री तनीषा शुक्रवार की सुबह करीब तीन बजे यूक्रेन से सकुशल स्वदेश पहुंची। दिल्ली पहुंचने पर तनीषा ने सबसे पहले अपने वतन की मिट्टी को चूमा व धरती को प्रणाम किया। तनीषा ने भारत सरकार भारतीय दूतावास व अपने स्वजनों एवं शुभचिंतकों का आभार जताया। दिल्ली में तनीषा को एयरपोर्ट पर रिसीव करने उसकी बहन साक्षी समेत अन्य स्वजन पहुंचे थे। तनीषा अभी कुछ दिन दिल्ली में ही अपनी बहन साक्षी के पास रहेगी। बता दें कि तनीषा यूक्रेन की राजधानी कीव स्थित ओओ बोगो मोलेट यूनिवर्सिटी में मेडिकल की अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!तनीषा कुमारी हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट पहुंची थी। तनीषा अपनी एक सहेली के साथ बड़ी मुश्किलों से बुडापेस्ट पहुंची थी। वो गुरुवार को बस से एयरपोर्ट को निकली थी।इस दौरान स्वजन लगातार तनीषा के संपर्क में थे। बुडापोस्ट से उसने दिल्ली की फ्लाइट ली। इधर तनीषा के सकुशल स्वदेश व घर वापसी हो जाने पर पूरे परिवार से राहत व सुकून की सांस ली है। पिता सुनील कुंवर समेत पूरे परिवार ने नवगछिया एसडीओ यतेंद्र कुमार पाल का विशेष आभार व्यक्त किया। पिता ने बताया कि हमने यूक्रेन में जारी युद्ध व रूस के जारी हमले के बीच कीव रहने में तनीषा के होने की जानकारी दी। जिसके बाद एसडीओ श्री पाल एक अभिभावक की तरह हमसे तनीषा के सकुशल स्वदेश वापसी का पल पल का अपटेड लेते रहे।
हंगरी से दिल्ली पहुंचेगा अंकित
भागलपुर के पीरपैंती प्रखंड शेरमारी बाजार निवासी केंद्रीय विद्यालय जमालपुर के शिक्षक अभय तिवारी के पुत्र अंकित आंनद शनिवार को हंगरी से सुबह दिल्ली पहुंच जाने की संभावना हैं। अंकित के पिता ने बताया कि पुत्र का मोबाइल बंद है। लगातार चार दिनों से सफर में काफी परेशान है। शाम में करीब 7 बजे मैसेज किया था। रात्रि में कोई न कोई फ्लाइट मिल जाएगी। सुबह दिल्ली पहुंच जाऊंगा। कागजी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शाम तक कोई फ्लाइट नहीं मिली थी। सुबह दिल्ली पहुंचने के बाद रविवार को पीरपैंती आने की पूरी संभावना है

