नवगछिया । नवगछिया के तेतरी दुर्गा मंदिर के पास सड़क किनारे सोमवार की अल सुबह चार बजे फर्नीचर की दुकान में भीषण आग लग जाने से दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने से एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। आग से 13 दुकानदारों की दुकान व घर जलकर राख हो गये।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बताया जाता है कि दुकानदार यदुनंदन शर्मा, राजेश शर्मा, बिहारी शर्मा, संतोष शर्मा, मुन्नी कुंवर, बबलु शर्मा, बिनोद शर्मा, दुलारचंद शर्मा, नवीन शर्मा, बिनोद शर्मा द्वितीय, मनोज शर्मा, बिदेश्वरी शर्मा, लड्डु शर्मा की दुकान व घर जलकर राख हो गये। बताया गया कि सोमवार की अल सुबह चार बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आसपास की दुकानों में भी आग फैल गई। दुकानदारों की दुकान के पीछे घर भी थे। आग लगने से दुकान के साथ-साथ घर का भी सारा सामान जल गया।
ज्ञातव्य हो कि तेतरी दुर्गा मंदिर के पास काफी फर्नीचर की दुकानें हैं। आसपास के दूसरे जिलों से भी लोग यहां आकर फर्नीचर खरीदते हैं। पलंग यहां का काफी मशहूर है। पलंग के साथ-साथ कुर्सी, टेबल, बेंच, डेस्क भी यहां लकड़ी से तैयार किए जाते हैं। आग के विकराल रूप लेने में लकड़ी व उसकी भूसी भी काफी सहायक हुई। आग से फर्नीचर, लकड़ी, आरा मशीन सहित अन्य सामान जल कर राख हो गये।

सबसे अधिक नुकसान यदुनंदन शर्मा का हुआ है। उनकी दुकान में फर्नीचर, कीमती लकड़ी व आरा की मशीन जल गयी। यदुनंदन शर्मा का लगभग 20 लाख से ऊपर का नुकसान हुआ है। अगलगी की इस घटना में लगभग एक करोड़ रुपये से ऊपर की संपत्ति का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच कर ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग को बुझाने में लगभग तीन से चार घंटे का समय लग गया। घटना की सूचना पाकर नवगछिया आरओ, राजस्व कर्मचारी ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया।
कोट
आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। एक ही परिवार के पिता पुत्र सहित 23 लोगों ने आग से क्षति होने की बात बताई है। आग से दुकान जलने पर मुआवजे का प्रावधान नहीं है।
-विश्वास आनंद, सीओ नवगछिया
