नवगछिया में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 35 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना विक्रमशिला पहुंच पथ स्थित जाह्नवी चौक के पास करीब 1:30 बजे हुई, जहां सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मृतका की पहचान पूर्णिया जिले के रुपौली निवासी विभा देवी (35) के रूप में हुई है, जो पंकज राय की पत्नी थीं। जानकारी के अनुसार, विभा देवी अपने पति के साथ बाइक से भागलपुर जा रही थीं। इसी दौरान उन्हें प्यास लगी, तो उनके पति ने सड़क किनारे बाइक रोकी। विभा देवी सड़क पार कर एक दुकान से पानी लेने जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नवगछिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इधर, हादसे की सूचना मिलते ही मृतका के ससुराल और मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान पोस्टमार्टम को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। जहां ससुराल पक्ष पोस्टमार्टम कराना चाहता था, वहीं मायके पक्ष ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया।
मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही जिला परिषद अध्यक्ष विपिन मंडल भी वहां पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन मायके पक्ष नहीं माना। करीब एक घंटे तक चले विवाद के बाद मायके वाले बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने साथ लेकर चले गए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
