नवगछिया में तीन दिनों में हत्या की यह दूसरी वारदात.. हत्या को लेकर नौ नामजद

Crime Reoprts

नवगछिया : कदवा ओपी थाना क्षेत्र के पंचगछिया टोला में शनिवार की देर रात बासा पर सो रहे 55 वर्षीय अधेड़ नागेश्वर सिंह की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उन्हें सीने व पीठ पर तीन गोलियां लगी हैं।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घरवालों को हत्या की जानकारी रविवार को उस समय हुई जब मृतक के परिजन बासा पर मवेशियों को चारा देने गए। सूचना मिलते ही कदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर इसकी सूचना वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दी। नवगछिया में तीन दिनों में हत्या की यह दूसरी वारदात है।

हत्या को लेकर नौ नामजद :

नागेश्वर सिंह की पत्नी ने पति की हत्या झाड़फूंक के कारण होने की बात बताई है। मृतक की पत्नी बबीता देवी ने कदवा ढोलबज्जा थाना में नौ लोगों को आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में बताया कि उसके पति झाड़-फूंक का काम करते थे। कुछ दिन पहले गांव में ही एक व्यक्ति की मवेशी बीमार थी। उसे आशंका थी कि मवेशी को नागेश्वर ने ही कुछ कर दिया है। उस समय उन लोगों ने धमकी दी थी कि मवेशी को कुछ हुआ तो नागेश्वर को जिंदा नहीं छोड़ेंगे। महिला ने बताया कि शनिवार को मवेशी की मौत हो गई। उसी रात नागेश्वर सिंह की गोली मार हत्या की गई।

आक्रोशित परिजन एसपी को बुलाने की कर रहे थे मांग

घटना के बाद आक्रोशित परिजन शव उठाने नहीं दे रहे थे। आक्रोशित लोग एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे। उसके बाद नवगछिया एसडीपीओ दिलीप कुमार व इंस्पेक्टर मार्केंडेय सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भिजवाया। एफएसएल कई टीम भी दोपहर को घटनास्थल पर पहुंची और नमूने लिए।

रात में नौ बजे गोली चलने की आई थी आवाज

नागेश्वर सिंह के परिजनों ने बताया कि रात 9 बजे के लगभग वह घर से खाना खाकर सोने के लिए घर से कुछ दूरी पर स्थित बासा पर गए। कुछ देर के बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी, लेकिन किसी से दुश्मनी नहीं रहने के कारण उन लोगों को यह अंदेशा नहीं था कि नागेश्वर की हत्या कर दी गई होगी। सुबह जब बासा पर गए तो वहां उनका शव पड़ा था। घटनास्थल पहुंचे नवगछिया एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि अपराधियों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही मामले का उद्भेदन कर घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी की जायेगी।