नवगछिया में टोल प्लाजा पर अपराधियों ने की गोलीबारी, 1.30 लाख लूटे, CCTV -Naugachia News

Crime Reoprts

एनएच-31 पर महदत्तपुर के पास स्थित टोल प्लाजा से शुक्रवार की रात 12 बजे अपराधियों ने हथियार के बल पर एक लाख 30 हजार रुपए लूट लिये। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवा में गोलियां भी चलाईं। तीन बदमाश टोल प्लाजा के छह नंबर बूथ में घुसे और गोली चलाने लगे। इससे भयभीत वहां के कर्मचारी भाग गए। इसके बाद बदमाशों ने बक्से में रखे पैसे लूट लिये।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

टोल प्लाजा संचालित कर रही ठेका कंपनी रणछोर इलेक्ट्रॉनिक्स के कर्मचारी ने नवगछिया थाना में लूट की प्राथमिकी दर्ज कराई है। कंपनी डायरेक्टर सोनू धड़कन ने बताया कि टॉल प्लाजा पर तीन हथियारबंद अपराधी आए और हवाई फायरिंग करने लगे। कर्मचारियाें ने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। लूट के बाद तीनों अपराधी उत्तर दिशा की ओर भाग गए। सभी अपने चेहरे को ढके हुए थे।
शुक्रवार रात 12 बजे बूथ नंबर छह में घुसे तीन बदमाश, गाेली चलते ही जान बचा भागे कर्मचारी, चेहरे काे ढके हुए थे सभी लुटेरे, उत्तर दिशा में भाग गए

वारदात की सूचना के एक घंटे बाद पहुंची पुलिस

ठेका कंपनी के डायरेक्टर ने बताया कि घटना की सूचना के एक घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। टोल प्लाजा के कर्मचारियों से इस संबंध में पूछताछ की। नवगछिया की एसपी निधि रानी ने कहा कि टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरे से फुटेज मिले हैं। जिसमें एक बक्से को लेकर भागते हुए अपराधी को देखा गया है। पुलिस अपराधियों की पहचान में जुट गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। टोल प्लाजा के बूथ छह पर हथियार के साथ पैसे से भरा बक्सा लूटते सीसीटीवी कैमरे में कैद बदमाश।

एनएच 31 पर बेखौफ अपराधी दे रहे लूट की घटना को अंजाम

एनएच-31 पर आए दिन अपराधी लूट की घटना को अंजाम दे रहे हैं। 15 दिसंबर को रंगरा के भवानीपुर में अपराधियों ने ट्रक चालक के साथ मारपीट कर मोबाइल व नगदी लूट लिये थे। 24 दिसंबर को नवगछिया जीरोमाइल के पास भी बदमाशों ने ट्रक चालक से 35 हजार रुपये लूटे थे। इसी दिन 14 नंबर सड़क पर लक्ष्मीपुर मोड़ के पास बाइक सवार को भी बदमाशों ने निशाना बनाया था। नवगछिया टॉल प्लाजा के पास हथियारबंद अपराधियों ने प्राइवेट कंपनीकर्मी को गोली मारकर एक लाख रुपए लूट लिए थे। बीते माह इस्माइलपुर में भी 90 हजार रुपये की लूट हुई थी। लेकिन इन मामलों में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। एसपी निधि रानी ने कहा कि लूट की घटनाओं को रोकने के लिए थानाध्यक्षों को गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है।

टोल प्लाजा पर 2016 में भी अपराधियों ने की थी गोलीबारी

नवगछिया टोल प्लाजा पर 2016 में भी लूट की घटना को अंजाम देने की मंशा से आए अपराधियों ने गोलीबारी की थी। अपराधियों ने करीब 20 राउंड गोली चलाई थी। इसके बाद वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। लेकिन इन दिनों टोल प्लाजा के पास पुलिस नहीं रहने से अपराधियों का मनोबल ऊंचा है। ठेका कंपनी के निदेशक ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने व लूट की घटना में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा है कि टोल प्लाजा पर पुलिस की सुरक्षा मुहैया कराई जाए।