नवगछिया : रंगरा थाना परिसर में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई। रंगरा अंचलाधिकारी आशीष कुमार की उपस्थिति में प्राप्त विधिवत आदेश के आलोक में 19 विभिन्न कांडों में जब्त की गई शराब का विनष्टीकरण किया गया।
इस दौरान कुल 145 लीटर देशी शराब एवं 5227.8 लीटर विदेशी शराब, इस प्रकार कुल 5372.8 लीटर शराब को नियमों के अनुसार नष्ट किया गया। विनष्टीकरण की प्रक्रिया प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।
अंचलाधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि जिले में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, जब्त शराब लंबे समय से थाना परिसर में सुरक्षित रखी गई थी। न्यायालय से आदेश प्राप्त होने के बाद उसका विधिवत निस्तारण किया गया। विनष्टीकरण के दौरान सभी सुरक्षा मानकों और पर्यावरणीय नियमों का भी पालन किया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है और आम लोगों के बीच यह स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ प्रशासन पूरी तरह सख्त है।

