नवगछिया : बाढ़ प्रभावित 42 स्कूल बंद, टैग विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य करेंगे शिक्षक

सूचना/खबरे

नवगछिया : बाढ़ की चपेट में है। बाढ़ को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा ने तत्काल प्रभाव से जिले के चार प्रखंडों के 42 स्कूलों को दूसरे स्कूलों में टैग कर शैक्षणिक कार्य संपादित करने का निर्देश जारी किया है। हालांकि इस दौरान बच्चों की छुट्टी रहेगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जिले के नारायणपुर प्रखंड के 10, रंगरा चौक के 12, गोपालपुर के 17 और इस्माईलपुर प्रखंड के तीन विद्यालयों को टैग कर शैक्षणिक कार्यों के संचालन का निर्देश दिया है। गौरतलब है कि जिले में भीषण बाढ़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बाढ़ग्रस्त इलाकों के स्कूलों को बंद कर वहां के शिक्षकों को दूसरे स्कूलों में टैग कर शैक्षणिक कार्य संपादन का निर्देश दिया है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

बाढ़ का पानी निकलने पर मूल विद्यालय लौटेंगे शिक्षक

 

वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से टैग स्कूलों में उपस्थित होकर शैक्षणिक संचालन करने का निर्देश दिया है। साथ ही मूल विद्यालयों से बाढ़ का पानी निकल जाने या फिर जलस्तर सामान्य होने पर ही अपने मूल विद्यालयों में स्वच्छता एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक संचालन शुरू करने को कहा है। जबकि सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को अपने स्तर से आदेश का अनुपालन कराने को कहा गया है।

 

मूल विद्यालय से टैग स्कूल की 50 किलोमीटर तक दूरी

इधर, जिला प्राथमिक माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष शेखर गुप्ता ने बताया कि नारायणपुर प्रखंड के अधिकांश टैग किये हुए विद्यालयों की दूरी मूल विद्यालयों से हालांकि 10 किलोमीटर है। लेकिन टैग स्कूलों तक पहुंचने के लिए शिक्षकों को इस बाढ़ के समय में नवगछिया और बिहपुर के रास्ते करीब 50 किलोमीटर तक की दूरी तय कर जाना होगा। बाढ़ के मौसम में यह शिक्षकों के साथ बेहद असुविधाजनक स्थिति होगी। इन विद्यालयों में अधिकांश महिला शिक्षिका हैं, खासतौर पर उन्हें टैग स्कूल पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।