नवगछिया : बिहपुर थाना क्षेत्र के बभनगामा बाजार में मंगलवार को बकाया राशि देने गए एक ग्राहक और उसके परिजनों के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना में औलियाबाद निवासी सुनील सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज हुआ।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पीड़ित सुनील सिंह ने बताया कि वे अपने छोटे भाई सुशील सिंह और बहनोई उमेश कुमार के साथ बभनगामा बाजार स्थित मुस्की भगत की दुकान पर 13,231 रुपये बकाया देने गए थे। दुकानदार के न होने पर उन्होंने उनके पुत्र रूद्रप्रताप को पैसे दिए। इससे रूद्रप्रताप भड़क गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी देने लगा।
विवाद बढ़ने पर रूद्रप्रताप ने तार के कोड़े से सुनील और उनके साथियों पर हमला कर दिया। इसी बीच मुस्की भगत भी मौके पर पहुंचे और लोहे की रॉड से सुनील के सिर पर वार किया, जिससे उनका गाल फट गया और खून बहने लगा।

सुनील ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने रंगदारी की मांग भी की और धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उनके बहनोई का बभनगामा में घर नहीं बनने दिया जाएगा। इस घटना से पूरे परिवार में दहशत है।
पीड़ित के आवेदन पर बिहपुर पुलिस ने मुस्की भगत और उनके पुत्र रूद्रप्रताप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े बाजार में हुई इस वारदात से इलाके में भय का माहौल है।
