नवगछिया : पुश्तैनी जमीन हड़पने का आरोप; जान से मारने की धमकी भी दी

Crime Reoprts

नवगछिया : भवानीपुर थाना क्षेत्र में पुर्णिया जिले के बलिया गांव निवासी मीरा देवी ने अपनी मकई की फसल बर्बाद करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने भवानीपुर थाना में दिए आवेदन में कहा कि 25 नवंबर 2025 की रात उनके खेत में लगी मकई की फसल को कुछ लोगों ने जोतकर नष्ट कर दिया।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मीरा देवी ने बताया कि यह जमीन उनके पिता की पुश्तैनी संपत्ति है, जिसका तीनों भाइयों और तीनों बहनों के बीच लिखित रूप से बंटवारा हो चुका है। बंटवारे के अनुसार यह जमीन उन्हें हिस्से के रूप में मिली थी, जो भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर प्रखंड में स्थित है।

रजिस्ट्री कराने में धोखाधड़ी का आरोप

पीड़िता के अनुसार भवानीपुर निवासी अमरशंकर प्रसाद सिंह, बुलानन्द कुमार पटेल और नगरपारा निवासी अप्पु पासवान ने मिलकर फसल को बर्बाद किया। उनका आरोप है कि अमरशंकर प्रसाद सिंह ने उनके छोटे भाई बुलानन्द कुमार पटेल को बहला-फुसलाकर उनके हिस्से की जमीन अपने नाम रजिस्ट्री करा ली, जबकि जमीन का बंटवारा पहले ही तय था।

दुर्व्यवहार और जान से मारने की धमकी

मीरा देवी का कहना है कि जब वे इस संबंध में बात करने आरोपियों के पास गईं, तो अप्पु पासवान ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और गाली-गलौज की। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उन्होंने केस वापस नहीं लिया, तो उन्हें और उनकी बहनों को खेत पर ही मारकर फेंक दिया जाएगा।

पीड़िता ने बताया कि अमरशंकर प्रसाद सिंह और बुलानन्द कुमार पटेल के खिलाफ पहले से दीवानी मुकदमा भी चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

भवानीपुर थाना प्रभारी शंभू कुमार ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।