नवगछिया : पुलिल टीम पर फायरिंग के आरोप में फरार चल रहा नामजद आरोपी कदवा के बोरवा टोला निवासी शातिर रंजन सिंह को खरीक पुलिस ने सोमवार देर रात उसके घर गिरफ्तार कर लिया। रंजन घटना के बाद से फरार चल रहा था। सोमवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि वह घर आया। जिसके बाद थानाध्यक्ष पंकज कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंची पुलिस टीम ने गांव की नाकेबंदी कर रंजन को उसके घर से 16 दिन बाद धर दबोचा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बता दें कि बीते माह 20 फरवरी को हाइवे पर रात्रि गश्ती कर रही खरीक पुलिस टीम को सूचना मिली कि एनएच-31 स्थित ही अंभो चौक के समीप बाइक सवार कुछ अपराधी हथियार के बल पर राहगीरों से लूटपाट कर रहा है। सूचना मिलते ही जैसे ही पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची कि एक ही बाइक पर सवार तीनों अपराधी भागने लगा। जिस पर पुलिस ने खदेड़ना शुरू किया तो तीनों अपराधी खुद को घिरता देखकर गिरफ्तारी के भय से पुलिस की गश्ती गाड़ी पर ही ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरू कर दिया था। इसके बाद भी पुलिस टीम खदेड़ती रही।
जिसके दौरान नवगछिया जीरोमाइल के पास सामने से आ रही बस से टकराने के बाद कदवा के भरोसा सिंह टोला निवासी दिलखुश कुमार एवं बोरवा टोला निवासी विकास कुमार सिंह गिरफ्तार करने में पुलिस सफल रही थी। लेकिन तब रंजन अंधेरे का लाभ उठा और पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा था। दोनों गिरफ्तार आरोपी शराब के नशे में धुत थे।

हालांकि, इस घटना में कोई हताहत तो नहीं हुई थी। किन्तु, पुलिस की गश्ती गाड़ी क्षतिग्रस्त जरूर हो गई थी। मामले को लेकर पुलिस ने खुद के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की थी। वहीं, दूसरी मारपीट एवं जानलेवा हमला के आरोप में फरार चल रहे तेलघी टोला निवासी मो. इजराइल को भी पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में पीएसआई मो. एजाज रिजवी, राहुल कुमार, अविनाश कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल थे।
