नवगछिया। नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने से तंग आकर एक नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिवार और गांव वालों की सतर्कता से उसे समय रहते बचा लिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!नगरपारा उत्तर पंचायत के नारायणपुर निवासी 19 वर्षीय डिंपल कुमारी ने यह कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और पड़ोसियों ने तुरंत फंदा काटकर उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना के बाद भवानीपुर थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और डिंपल को परिजनों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, खगड़िया जिले के पोरा निवासी नारद यादव की पुत्री डिंपल की शादी कुछ माह पूर्व रिंकेश कुमार से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि रिंकेश एक लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर डिंपल को लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या का प्रयास किया।
घटना के समय भवानीपुर थाना के एएसआई जंगलेश्वर कुमार, सीएचसी नारायणपुर की चिकित्सक डॉ. रानी कुमारी और परिजन मौजूद थे। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
