नवगछिया : नाव से तीनटंगा दियारा पहुंची चार थानों की पुलिस, दो शराब भट्ठी पकड़ी, संचालक फरार

Crime Reoprts

सरकार की बढ़ी सख्ती के बाद नवगछिया पुलिस जिले के पुलिस अफसरों ने जवानों के साथ शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस विभिन्न थाना क्षेत्रों को शराब मुक्त करने के लिए तस्करों, शराब बनाने वालों के ठिकाने पर लगातार छापामारी कर रही है। वहीं, बाहरी तस्करों पकड़ने के लिए वाहन चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में गुरुवार को नवगछिया के एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस नाव से गोपालपुर और रंगरा थाना क्षेत्र के दियारा इलाकों में छापेमारी की।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इस दौरान पुलिस ने तीनटंगा दियारा में दो शराब भट्ठी पकड़ी। हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही कारोबारी ज्ञानीदास टोला के बुच्ची मंडल और मलोरी यादव माैके से भाग गए। पुलिस ने मौके से 36 लीटर देसी शराब,1400 लीटर अर्धनिर्मित शराब, 4 सेट शराब बनाने के बर्तन 4 गैस सिलेंडर बरामद किए। पुलिस ने निर्मित और अर्धनिर्मित शराब को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दी। छापेमारी टीम में गोपालपुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार, इस्माइलपुर थानाध्यक्ष मणि पासवान, रंगरा थानाध्यक्ष मो. मेहताब खान, परबत्ता थानाध्यक्ष सहित काफी संख्या जवान शामिल थे। एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि फरार शराब कारोबारियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे।

इधर, खरीक में कार से शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

खरीक| एनएच-31 पर गुरुवार को बगड़ी चौक स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप थानाध्यक्ष पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने एक कार की तलाशी ली तो उससे एक बोतल अंग्रेजी शराब मिली। इसके बाद पुलिस ने कार पर सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

वहीं कार भी जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार युवक साहेब कुमार साह और वरुण कुमार झा सहरसा के रदुआ तिलसिसाई गांव के रहने वाले हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों युवकों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दोनों पर खरीक सहित सहरसा के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। बहरहाल, पुलिस दोनों की आपराधिक कुंडली खंगाला रही है। थानाध्यक्ष ने बताया, गिरफ्तार युवकों से पूछताछ की जा रही है।