कई दलों के उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन, निर्वाचन पदाधिकारियों ने संभाली प्रक्रिया
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!नवगछिया। दीपावली के शुभ अवसर पर सोमवार को 153 गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में नामांकन का अंतिम दिन रहा। पूरे दिन अनुमंडल कार्यालय परिसर में राजनीतिक हलचल और समर्थकों की भीड़ देखने को मिली। विभिन्न दलों के प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किए।
इस अवसर पर वीआईपी पार्टी से प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव ने अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र के विकास, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर जनता के बीच जाएंगे। वहीं, सोनी देवी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन कराया। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से वे समाज की आधी आबादी की आवाज बनना चाहती हैं।

दूसरी ओर, 152 बिहपुर विधानसभा क्षेत्र से संतोष कुमार तिवारी ने जनशक्ति पार्टी (जनता दल) के प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया। इस मौके पर उनके समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद थे।
इसी क्षेत्र से अर्पणा भारती ने वीआईपी पार्टी से नामांकन दाखिल किया, जबकि अवनीश कुमार ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान किया।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह सख्त और व्यवस्थित रही।
153 गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पदाधिकारी आईएएस अधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह ने नामांकन पत्रों की जांच और स्वीकृति की प्रक्रिया संभाली। वहीं 152 बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पदाधिकारी सह भूमि उपसमाहर्ता शैलेन्द्र कुमार सिंह ने भी प्रत्याशियों के नामांकन पत्र स्वीकार किए।
अनुमंडल परिसर में पूरे दिन प्रत्याशियों के समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा। दीपावली के दिन नामांकन होने के कारण माहौल में उत्साह और उमंग भी दिखाई दी। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए थे ताकि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
