नवगछिया : दिल के मरीजों के लिए बिहपुर में उगाया ब्राउन बटन मशरूम.. बर्फी और सत्तू की मांग बढ़ी

बिहपुर

सूबे में पहली बार सोनवर्षा (बिहपुर) के किसान ने हरियाणा की वेरायटी ब्राउन बटन मशरूम का उत्पादन किया है। इसके साथ ही इस क्षेत्र के लोग भी अब ब्राउन बटन मशरूम का स्वाद ले पाएंगे। अब तक इसका उत्पादन हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल में होता था। बिहपुर के किसान सर्वेश ने हरियाणा से स्पॉन मंगाकर पांच क्विंटल कंपोस्ट में इसकी खेती की। इससे सवा क्विंटल मशरूम का उत्पादन हुआ है। इसकी कीमत अभी 1200 रुपए प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा है। सर्वेश ने बताया कि उत्पादन जब बढ़ेगा तो इसकी कीमत भी कम होगी।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बीएयू की कृषि वैज्ञानिक डॉ. अनिता कुमारी ने बताया कि ब्राउन बटन मशरूम का इस्तेमाल डायबिटीज और दिल के मरीज भी कर सकते हैं। कलर के लिए जो पिग्मेंट का इस्तेमाल होता है वह स्वास्थ्यवर्धक है। बिहार में ब्राउन बटन मशरूम का उत्पादन इससे पहले नहीं हुआ था। उम्मीद है कि अब धीरे-धीरे इसके उत्पादन में बढ़ोतरी होगी। किसान सर्वेश को सोमवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित बिहार उद्यमिता सम्मेलन में भी ब्राउन बटन मशरूम के लिए सम्मानित किया गया है।

एसी प्लांट लगाकर 12 माह उत्पादन की योजना

किसान सर्वेश ने बताया कि एयर कंडीशन (एसी) प्लांट बनाकर इसका उत्पादन 12 माह करने की योजना है। इसके लिए बीएयू के वैज्ञानिकों से भी तकनीकी मदद ली जाएगी। इसकी मांग काफी है। अगर बड़े पैमाने पर उत्पादन होने लगा तो इसकी कई वेरायटी भी तैयार की जाएगी। फिलहाल ओएस्टर मशरूम से जैम, पापड़, आचार, बड़ी, तिलौड़ी, पाउडर, ड्राई आदि तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा है।

मशरूम पाउडर को मेडिकल स्टोर में रखने की तैयारी

किसान ने बताया कि मशरूम के पाउडर की मांग बढ़ी है। जल्द ही बीएयू के वैज्ञानिकों की देखरेख में इसका पाउडर तैयार किया जाएगा। हर तरह के मशरूम का पाउडर बनाकर उसे किराना और मेडिकल स्टोर पर भी रखा जाएगा। इससे इसका प्रयोग कोई भी व्यक्ति आसानी से कर सकता है। बीएयू की कृषि वैज्ञानिक डॉ. अनिता ने बताया कि मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में भागलपुर जिले के किसान काफी काम कर रहे हैं। मशरूम के कई उत्पाद को बाजार तक पहुंचाया जा रहा है।

मशरूम की बर्फी और सत्तू की मांग बढ़ी

पीरपैंती श्रीनगर की रहने वाली नैना कुमारी ने मशरूम के कई उत्पाद तैयार किए हैं। उनके बनाए मशरूम के सत्तू की मांग छत्तीसगढ़ में काफी है। मंगलवार को मशरूम का पांच किलो सत्तू कनाडा भी भेजा गया। नैना ने बताया कि इसकी बर्फी को काफी पसंद किया जा रहा है। नैना कुमारी को पटना में उपमुख्यमंत्री के हाथों सोमवार को सम्मानित किया गया है।