नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव स्थित प्रसिद्ध दक्षिणेश्वरी काली मंदिर में मां काली की प्रतिमा का संध्या विसर्जन बुधवार की देर रात 11 बजे पूरे धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मां काली की प्रतिमा का विसर्जन मंदिर परिसर में बने पवित्र कालीघाट में ही किया गया। इससे पहले भक्तों ने वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजन-अर्चन के बीच आरती, भजन और जयकारों के साथ माता की विदाई की रस्म पूरी की। विसर्जन के समय वातावरण “जय मां काली” के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु भवानीपुर पहुंचे और माता के दर्शन किए। महिलाओं ने कलश लेकर विसर्जन यात्रा में भाग लिया, वहीं युवाओं ने पूरे कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया था, जिससे पूरा इलाका भक्ति और आस्था के रंग में रंग गया।

मंदिर समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मां दक्षिणेश्वरी काली की पूजा भवानीपुर में सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार होती आ रही है। कार्तिक अमावस्या के अवसर पर यहां भव्य पूजा और मेला का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दूर से भक्त शामिल होते हैं।
विसर्जन कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। रंगरा थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात था ताकि पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
पूरे आयोजन के दौरान मां काली के जयघोष, ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि से भवानीपुर का वातावरण भक्ति और उत्सव के माहौल में डूबा रहा। माता की विदाई के बाद श्रद्धालुओं की आंखें नम थीं, लेकिन सबके मन में इस विश्वास के साथ उत्साह था कि अगले वर्ष फिर मां दक्षिणेश्वरी काली इसी उत्साह के साथ भक्तों के बीच विराजेंगी।
