नवगछिया। जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने नवगछिया प्रखंड के ढोलबज्जा पंचायत स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में एएनएम की कमी को लेकर सिविल सर्जन, भागलपुर को पत्र भेजा है। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए उक्त स्वास्थ्य केंद्र में दो एएनएम की शीघ्र प्रतिनियुक्ति की मांग की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अपने पत्र में जिला परिषद अध्यक्ष ने उल्लेख किया है कि ढोलबज्जा स्थित यह स्वास्थ्य केंद्र सीमावर्ती क्षेत्र का एक अत्यंत महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान है। यहां से भागलपुर, पूर्णिया एवं मधेपुरा जिलों के सीमा क्षेत्र की लगभग तीन लाख की आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र की 12 पंचायतों के लोग इलाज, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, प्रसव पूर्व एवं प्रसवोत्तर देखभाल तथा परिवार नियोजन जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए पूरी तरह इसी स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर हैं।

जिला परिषद अध्यक्ष के अनुसार पूर्व में इस स्वास्थ्य केंद्र में तीन एएनएम कार्यरत थीं, लेकिन एक एएनएम के सेवानिवृत्त हो जाने के बाद वर्तमान में मात्र दो एएनएम ही पदस्थापित हैं। अत्यधिक जनसंख्या, मरीजों की बढ़ती संख्या और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण यह व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है, विशेषकर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सिविल सर्जन से इस गंभीर स्थिति को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।
