नवगछिया : ट्रैक्टर चालक हत्याकांड का खुलासा, लाइनर गिरफ्तार; शिक्षक ने रची थी साजिश

Crime Reoprts

खरीक | ट्रैक्टर चालक की हत्या मामले का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। इस हत्याकांड में लाइनर की भूमिका निभाने वाले बहत्तरा गांव निवासी बहादुर मंडल को खरीक पुलिस ने शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पुलिस के अनुसार, बहादुर मंडल ने बताया कि बहत्तरा गांव निवासी तथा मिडिल स्कूल बड़ी अलालपुर में तैनात शिक्षक नीरज मंडल ने घोघन मंडल के परिजनों से एक विवादित जमीन खरीदी थी। शिक्षक उस जमीन पर घर का निर्माण करा रहा था, जिसे घोघन मंडल ने रुकवा दिया। इसी रंजिश में शिक्षक ने ट्रैक्टर चालक की हत्या की साजिश रची।

बहादुर मंडल ने स्वीकार किया कि उसी ने मधेपुरा के एक शूटर से शिक्षक की पहचान कराई थी। हत्या के लिए शूटर से पांच लाख रुपये की डील तय हुई थी, जिसमें डेढ़ लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। आरोपी ने घटना में शामिल कई अन्य लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।

पुलिस मुख्य आरोपी शिक्षक नीरज मंडल सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। खरीक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बहादुर मंडल को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल अन्य आरोपी भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

उल्लेखनीय है कि 8 सितंबर को अठनियां गांव के पास बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर ट्रैक्टर चालक घोघन मंडल की हत्या कर दी थी।

पहले ही हो चुकी है दो बदमाशों की गिरफ्तारी

पुलिस इससे पहले मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनियां गांव निवासी शूटर रवींद्र मंडल और खरीक के राघोपुर निवासी रमेश मंडल को एक कट्टा और तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बहादुर मंडल का भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह हत्या समेत अन्य आपराधिक मामलों में पहले भी दो-तीन बार जेल जा चुका है। मामले की जांच और आगे की कार्रवाई बिहार पुलिस द्वारा जारी है।