खरीक : एनएच-31 पर खरीक के लगदाहा चौक के पास खगड़िया की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान पीछे से टोटो में टक्कर मार दी। इस हादसे में टोटो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया और उस पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महिला की बहू समेत तीन लोग घायल हो गए।
मरने वाली की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के माड़रडीह गांव निवासी लालमनी देवी (50), पति किरो ऋषिदेव के रूप में हुई है। घायलों में लालमनी की बहू तिलो देवी (35), करीब छह वर्षीय पोता और इसी गांव के टोटो चालक बबलू ऋषिदेव (35) शामिल हैं। सभी घायलों का किसी निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही खरीक पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल एवं घायलों को इलाज के लिए स्वास्थ्य संस्थान में भेजा। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक और उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि लालमनी झंडापुर से अपने पोता को किसी डॉक्टर से दिखाकर बहू के साथ टोटो से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान सड़क हादसे का शिकार हो गई। इधर, वार्ड सदस्य के पति गुलशन ऋषिदेव समेत ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग प्रशासन से की है। महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा है। आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण बेकसूर लोगों की जानें जा रही हैं।


