नवगछिया : बिहपुर प्रखंड के बभनगामा गांव में 25 अगस्त को निर्माणाधीन शौचालय की टंकी में दम घुटने से तीन लोगों को मौत होने के बाद तीनो ही परिवार पूरी तरह से बिखर गया है. मृतक तीनो परिवार की माली हालत इतनी दयनीय हो गई है कि इन परिवारों को खाने के लाले पड़ने लगे हैं. मृतकों के छोटे-छोटे बच्चे की स्थिति को देख हर किसी को झकझोर देती है. दुर्गा पूजा का त्योहार आने को हैं. पड़ोस के बच्चे जब उनसे यह कहते हैं कि मेरे पापा प्रदेश से नए कपड़े लेकर आ रहे हैं तो बच्चे अपनी मां से जाकर पूछते हैं कि मेरे पापा भी नए कपड़े ला रहे हैं. यह सुन पूरा परिवार का हृदय फुट पड़ता है.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!परिजन बच्चों से छुप कर रोते हैं. वहीं बच्चे को परिजन यह दिलाशा देते है कि आपके लिए भी नए कपड़े आएंगे. लेकिन हकीकत यह है कि बच्चे अगले दिन क्या खाएंगे उसके लिए उनके घर अनाज भी नहीं है. काल रूपी टंकी ने बभनगामा के एक साथ तीन परिवार को उजार कर रख दिया. घटना के डेढ़ माह पूरा होने को है. मृतक के आश्रितों को सरकार द्वारा मिलने वाले किसी भी प्रकार के सहायता राशि का लाभ नहीं दिया गया है. सिर्फ घटना के बाद कबीर अंत्योष्टि के तहत तीनो परिवारों को मृतक के अंतिम संस्कार की सामग्री पंचायत के मुखिया द्वारा उपलब्ध कराई गई थी. जबकि स्थानीय लोगों एवं परिजनों का कहना है कि घटना के साथ आए प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी के द्वारा आपदा के तहत चार लाख एवं परिवारिक लाभ के तहत 20 हजार दिए जाने की बात कही गई थी. लेकिन किसी भी परिवार को अब तक किसी प्रकार की राशि प्रदान नहीं की गई है.

– मृतक की पत्नी मजदूरी के बच्चों का कर रही हैं पालन पोषण
दुर्घटना में बभनगामा के लक्ष्मी मंडल के पुत्र फुटिंग मंडल, चमरू मंडल के पुत्र निरोज कुमार मंडल एवं बिंदेश्वरी मंडल के पुत्र अजीत कुमार उर्फ राजा की मौत हुई थी. राजा को टंकी में बेहोश होने के बाद निरोज व फुटिंग टंकी में गया था और तीनों की मौत दम घुटने से हो गई थी। फुटिंग व निरोज को चार चार छोटे छोटे बच्चे हैं. फुटिंग मंडल को दो लड़का नंदन व अभिनदंन व तीन लड़की रश्मी, करिश्मा व सोनम है. जबकि निरोज मंडल को एक लड़का छह माह का धर्मवीर कुमार व तीन लड़की साक्षी, संध्या एव पल्लवी है. पति की मौत के बाद फुटिंग कि पत्नी पूनम देवी व निरोज की पत्नी मुन्नी देवी मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन पोषण कर रही है. राजा के परिजनों का भी यही हाल है. फुटिंग की पत्नी पूनम देवी बताती है कि घर मे अनाज का एक दाना नहीं है. पहले वे मजदूरी कर आते थे तो घर चलता था. लेकिन अब वे नहीं है बच्चे को भूखा नहीं रख सकती हूं इस खुद मजदूरी कर जो पैसा मिलता है उससे बच्चों की भूख मिटाती हू. इतना कहते कहते वह रो पड़ती है। निरोज कि पत्नी का भी यही हाल है. दोनों के परिवार बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं.
– नहीं मिली किसी प्रकार की सहायता, अधिकारी करने लगे टाल मटोल
दुर्घटना में तीन लोगों की जान जाने के बाद प्रशासन स्तर से किसी प्रकार की सहायता राशि नहीं दी गई है. मृतक के परिजन बबलू मंडल, रंजीत मंडल, अमित कुमार, सुजीत कुमार, रंजीत मंडल बताते हैं कि अब तक किसी प्रकार का लाभ नहीं दिया गया है. दुर्घटना के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद लाभ दिए जाने की बात प्रशासन द्वारा कही गई थी. रिपोर्ट आने के बाद सभी दस्तावेज सीओ व बीडीओ साहब को उपलब्ध भी करा दिया गया है. लेकिन अब आज कल आज कल की बात कह कर टाल मटोल किया जा रहा है. जबकि एसडीओ साहब ने भी भाजपा के जिलाध्यक्ष विनोद मंडल को फोन पर आपदा के तहत चार लाख व पारिवारिक लाभ के तहत 20 हजार दिए जाने की बात कही थी. लेकिन अब तक किसी प्रकार का लाभ नहीं मिला है.
– ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग
बभनगामा निवासी पंकज कुमार, प्रभेष राय, सुशील कुमार, मिथून कुमार, डॉ शंभू ठाकुर, मृत्युंजय चौधरी, गंगाराम आदि ने दुर्घटना में मरे तीनो परिवार को अविलंब सहायता राशि दिए जाने की मांग नवगछिया एसडीओ स की है. ग्रामीणों ने कहा कि पीड़ित परिवार की माली हालत दयनीय हो गई है. तीनो घर उजर गया है सहायता राशि मिलने से बच्चों का भविष्य बेहतर हो सकेगा. वहीं ग्रामीणों ने कहा कि अगर पीड़ित परिवार मुआवजा नहीं दिया जाता है तो हम ग्रामीण आंदोलन करेंगे.

– शाहनवाज हुसैन ने भी परिजनों को मुआवजा दिए जाने का दिया था आश्वासन
दुर्घटना के बाद भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन भी पीड़ित परिवार से मिले थे. इस दौरान उन्होंने सरकार के तरफ से मिलने बाले सभी लाभ पीड़ित के आश्रितों को दिये जाने का आश्वासन दिया था.
– कहते है भाजपा जिलाध्यक्ष
भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद मंडल कहते हैं कि दुर्घटना के संबंध में सीओ द्वारा रिपोर्ट नहीं भेजे जाने के कारण पीड़ित परिवार को लाभ नहीं मिला है. परिवारिक लाभ के संबंध में बीडीओ के सरकारी नवर पर फोन कर रहे हैं. लेकिन उनका फोन बंद आ रहा है. उन्होंने कहा कि इस तरह की दुर्घटना के बाद पीड़ित परिवार को सरकारी लाभ अब तक नहीं दिया जाना बिहपुर प्रखंड व अंचल के पदाधिकारियों की संवेदनहीनता को दर्शाता है.
– कहते हैं एसडीओ
नवगछिया एसडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि आपदा के तहत मिलने वाले लाभ को लेकर सीओ से एडीएम साहब ने रिपोर्ट मंगा है. परिवारिक लाभ की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. बिहपुर बीडीओ छुट्टी पर है. छुट्टी से वापस आते ही परिजनों को परिवारिक लाभ दिया जाएगा.
