बिहपुर। झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-106 के समीप खुलेआम सफेद बालू का अवैध खनन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बालू माफिया रात के अंधेरे में जेसीबी मशीन से खनन कर ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू की ढुलाई कर रहे हैं। इस अवैध गतिविधि से सड़क किनारे लगाए गए पेड़ों पर खतरा मंडरा रहा है, वहीं पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन के कारण क्षेत्र में लगातार धूल उड़ती रहती है, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, खनन में लगे भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार रात के समय तेज रफ्तार से गुजरने वाले बालू लदे वाहन किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध बालू खनन का यह धंधा लंबे समय से चल रहा है, लेकिन इसे रोकने के लिए अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। बालू माफिया बेखौफ होकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, जिससे सरकार को राजस्व का भी भारी नुकसान हो रहा है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अवैध बालू खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि उन्हें खनन की कोई जानकारी नहीं है। हालांकि, यदि अवैध रूप से सफेद बालू का खनन किया जा रहा है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष के इस बयान के बाद क्षेत्र में प्रशासन की सतर्कता और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
