नवगछिया : जहाज घाट के पास अवैध बालू खनन जारी, प्रशासन पर उठे सवाल

NEWS

नवगछिया पुलिस जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित तिनटंगा जहाज घाट के पास अवैध बालू खनन का कारोबार बेखौफ जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार दिन और रात दोनों समय ट्रैक्टरों के जरिए बालू का अवैध उठाव किया जा रहा है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिदिन बड़ी मात्रा में बालू निकाले जाने से नदी घाट का स्वरूप बिगड़ता जा रहा है। लगातार खनन से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है और नदी किनारे कटाव का खतरा भी बढ़ गया है।

अवैध बालू को पुलिस और आम लोगों की नजर से बचाने के लिए तिनटंगा जहाज घाट से तिनटंगा–सुवटिया बाजार जाने वाले रास्ते का इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां से वाहन शुक्रिया चौक पहुंचते हैं। कुछ वाहन रंगरा की ओर निकल जाते हैं, जबकि कई शुक्रिया बाजार चौक से गोपालपुर की तरफ जाने वाले रास्ते से गुजरते हैं, ताकि यह स्पष्ट न हो सके कि बालू गोपालपुर थाना क्षेत्र से निकाला गया है।

कार्रवाई नहीं होने से बढ़ रहा माफियाओं का मनोबल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतने बड़े पैमाने पर अवैध खनन होने के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। इससे बालू माफियाओं का मनोबल बढ़ता जा रहा है।

इस संबंध में गोपालपुर थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि बालू खनन से जुड़ा मामला खनन विभाग का है। उन्होंने खनन विभाग के पदाधिकारी से संपर्क करने की सलाह दी।

वहीं भागलपुर के खनन इंस्पेक्टर मिथुन कुमार ने कहा कि गंगा किनारे से सफेद बालू का खनन पूरी तरह अवैध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पर कार्रवाई स्थानीय थाने को करनी होती है। यदि थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होती है तो इसकी शिकायत वरीय अधिकारियों से की जाएगी और अवैध बालू खनन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।