नवगछिया : जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी.. सहोरा और मदरौनी के कई घरों में कोसी

सूचना/खबरे

नवगछिया । कोसी के जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी है। हालांकि वृद्धि मामूली है, लेकिन इससे कोसी किनारे के निवासियों में भय का माहौल पैदा हो गया है। बुधवार सुबह कोसी के जलस्तर में छह सेंटीमीटर की वृद्धि हुई। इस वृद्धि के कारण कई नए गांवों में बाढ़ का पानी घुस आया है, जिससे अफरातफरी मची है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

लोग अपने सामान के साथ छतों पर शरण ले रहे हैं। कोसी नदी किनारे के चोरहर, सकूचा, विजय घाट पुल, कोरचक्का, पुनसमा, प्रताप नगर, जहांगीरपुर, बैसी, सहोरा, मदरौनी और सधुआ चापर के निवासियों में धीरे-धीरे भय का माहौल उत्पन्न हो गया है। सहोरा और मदरौनी के कई घरों में कोसी का पानी घुस आया है।

पीड़ितों दयानांद साह, गणपत साह, दिलीप साह आदि का कहना है कि शौचालय और पेयजल की समस्या गंभीर है। घरों में पानी आने के बाद, लोग ड्रम के जरिए जान जोखिम में डालकर आ-जा रहे हैं। कई परिवार एनएच 31 की ओर पलायन कर रहे हैं। कटरिया रेलवे स्टेशन पर भी कई परिवार शरण लिए हुए हैं। पीड़ितों ने सूखे राशन, पन्नी और शौचालय व्यवस्था की मांग की है। गंगा और कोसी के संगम स्थल कलवलिया में जलस्तर में वृद्धि के बाद पानी का बहाव तेज हो गया है, जिससे दुर्गा पूजा की तैयारियों पर संकट मंडरा रहा है।