नवगछिया : छठ पूजा के अवसर पर बिजली विभाग द्वारा 24 घंटे क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति की झूठे दावों की पोल खुल गई है. मिली जानकारी अनुसार पूरे प्रखंड में रात्रि 12 बजे के बाद बिजली विभाग द्वारा बिजली काट दी गई. जिसके फलस्वरूप पूरा प्रखंड क्षेत्र अंधेरे में डूब गया. पूरे क्षेत्र में सुबह तक ब्लैक आउट रहा. इस दौरान प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों गांव के छठ व्रतीयों एवं श्रद्धालुओं को घोर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बताते चलें कि आज सुबह में छठ पूजा को लेकर उदयीमान सूर्य को अंतिम अर्घ देने के लिए घाट पर जाने के लिए रात 12 बजे के बाद से ही लोगों द्वारा घर में तैयारी की जाने लगी थी. मगर ऐन मौके पर बिजली काटे जाने से क्षेत्र के व्रतीयों एवं श्रद्धालुओं को अंधेरे में ही तैयारी करनी पड़ी. आधी रात बाद पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहा. इससे व्रतीयों ही नहीं बल्कि आम लोगों को भी इस कठिनाइयों से जूझना पड़ा. इसके फलस्वरूप बिजली विभाग के अभियंताओं एवं कर्मचारियों के प्रति लोगों में काफी आक्रोश देखा गया. बताते चलें कि रंगरा प्रखंड में मदरौनी सब स्टेशन से बिजली की आपूर्ति की जाती है.

बिजली विभाग के इस कारनामे पर रंगरा जिला पार्षद सदस्य शबाना आज़मी, जदयू नेता सह तीन टंगा दियारा दक्षिण पंचायत के मुखिया भोला मंडल, राजद नेता अजहर आलम आदि ने इसे बिजली विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का गैर जिम्मेदाराना कार्य बताया है. वहीं बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से इस बाबत पूछे जाने पर उन्होंने हास्यास्पद तर्क देते हुए बताया है कि छठ व्रत धारियों एवं श्रद्धालुओं को घाट तक जाने में बिजली के तार से छठ का डाला सट नहीं जाए. इसलिए बिजली काटी गई है. वहीं दूसरी ओर नवगछिया के सहायक विद्युत अभियंता को कॉल करने पर उनका सरकारी एवं निजी दोनों मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था.
