नवगछिया : झंडापुर थाना क्षेत्र के झंडापुर गांव में घर में घुसकर मारपीट करने और नगदी व जेवरात लूटने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अमित चौधरी की पत्नी रानी देवी ने झंडापुर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आवेदन में प्रियांशु, प्रीतम समेत चार लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। रानी देवी ने अपने आवेदन में बताया कि बीते रविवार को आरोपितों ने पहले घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया। इसके बाद जबरन घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट की।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपितों ने घर में रखे बक्से को तोड़कर उसमें रखे करीब छह लाख रुपये नगद और जेवरात लूट लिए। नगद और आभूषण मिलाकर करीब सात लाख पचास हजार रुपये से अधिक का नुकसान बताया गया है।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। इसके बाद पीड़ित परिवार द्वारा थाने में लिखित आवेदन दिया गया।
मारपीट की घटना में घायल लोगों का इलाज बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। घटना को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
