नवगछिया में 15 फीट गड्ढे में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। घटना रंगरा थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर की है। दोनों किशोर रविवार सुबह करीब 8 बजे खेलने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद से वे लापता हो गए। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। दोपहर 12 बजे परिजनों ने रंगरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और खोजबीन जारी रखी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
शाम को घर से लगभग 200 मीटर दूर गड्ढे में शव उफनाते हुए दिखे। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही इलाके के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर जुट गए और गड्ढे से दोनों शवों को बाहर निकाला। एक किशोर की आंख के पास चोट के निशान भी है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मृतकों की पहचान साधोपुर गांव निवासी नीतिश मंडल के बेटे भानु कुमार (11) और अखिलेश मंडल के बेटे दिव्यांशु कुमार (13) के रूप में हुई है। घटना की सूचना के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।

घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय निवासी मोहम्मद इस्तखार ने बताया कि दोनों किशोर सुबह करीब 7 बजे ही घर से निकले थे। इसके बाद वे लापता हो गए। शाम में पता चला कि गड्ढे में शव मिले हैं, जिसके बाद परिजनों को जानकारी दी गई। दोनों आपस में दोस्त थे और रविवार होने के कारण घूमने निकले थे। हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी अब तक नहीं मिल सकी है।
