नवगछिया। कोसी नदी पर बन रहे रेल पुल कार्य पूरा होने पर दोहरीकरण कार्य को लेकर रविवार को मेगा ब्लॉक नवगछिया-कटिहार रेलखंड के बीच लगाया गया। मेगा ब्लॉक 10 बजे से 4.30 बजे तक साढ़े छह घंटे का लगाया गया। रेल पटरी के कार्य को देखते हुए कई इंजीनियर, विभाग के अधिकारी एवं सोनपुर डिवीजन के एडीआरएम एमएन प्रसाद, सीनियर डीसीएम को-आर्डिनेशन एसके सिंह, डीएन 2 शैलेश कुमार कैंप कर कार्य करा रहे हैं। इस दौरान कई ट्रेनों का रूट बदला गया और कई ट्रेनें रद्द रहीं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार इस पुल के निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पिछले एक पखवारे से रेल पटरी का कार्य चल रहा है। जिसको लेकर के सीआरएस अधिकारी भी मंगलवार को निरीक्षण करने पहुंच रहे हैं। मालूम हो कि कटरिया और कुरसेला के बीच कोसी नदी पर बन रहे 915 मीटर लंबी रेलवे पुल का निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
अगले माह क्षेत्र के लोगों को इस पुल से रेल यात्रा शुरू करने की सौगात मिलेगी। पुल बन जाने से कटिहार के लिए आवागमन काफी आसान हो जाएगा। साथ ही पूर्वोत्तर राज्यों को आपूर्ति की जाने वाली खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों का रेलमार्गों से परिवहन को काफी बढ़ावा मिलेगा। जिससे रेलवे के राजस्व की प्राप्ति में भी बढ़ोतरी होगी।

रेलपुल के निर्माण पर लगभग 190 करोड़ रुपए की लागत आएगी। वर्तमान समय में 07.24 किलोमीटर लंबे कटरिया- कुरसेला रेलखंड को छोड़कर बरौनी से कटिहार रेलखंड पूरी तरह दोहरीकृत एवं विद्युतीकृत रेलखंड है। कोसी नदी पर निर्माणाधीन पुल के चालू हो जाने के बाद बरौनी-कटिहार रेलखंड शत-प्रतिशत दोहरीकृत एवं विद्युतीकृत हो जाएगा।
